RANCHI : झारखंड में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका अब ज्यादा दिनों के लिए नहीं है. भारत निर्वाचन आयोग ने Form-6 जमा करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर 2026 तय की है. ऐसे पात्र भारतीय नागरिक, जिनका नाम मौजूदा SIR की ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे समय रहते Form-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने झारखंड के पात्र नागरिकों, खासकर युवाओं से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन करें.
SIR क्या है और Form-6 क्यों जरूरी है?
SIR यानी Special Intensive Revision के तहत मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है. इस प्रक्रिया में मतदाता सूची की जांच और अपडेट किया जा रहा है. अगर कोई पात्र भारतीय नागरिक SIR की ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो वह Form-6 के जरिए अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकता है. इसलिए जिन लोगों ने अभी तक अपनी स्थिति चेक नहीं की है, उन्हें अपनी ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम जरूर देख लेना चाहिए.
1 अक्टूबर को 18 साल पूरे करने वाले युवा भी भर सकते हैं Form-6
SIR प्रक्रिया के तहत युवाओं के लिए भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के मुताबिक, वैसे युवा जो 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले हैं, वे भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत Form-6 भर सकते हैं. इसका मतलब है कि पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं को भी इस प्रक्रिया की जानकारी रखनी चाहिए और समय रहते आवेदन करना चाहिए.
Form-6 कैसे और कहां जमा करें?
पात्र नागरिक ई-सीनेट के माध्यम से Form-6 भर सकते हैं. इसके अलावा अपने इलाके के BLO यानी Booth Level Officer से संपर्क करके भी Form-6 जमा किया जा सकता है. आवेदन के साथ जरूरी घोषणा पत्र भी जमा करना होगा. अगर किसी व्यक्ति को अपने क्षेत्र के BLO की जानकारी नहीं है, तो वह अपने मतदान केंद्र से संबंधित जानकारी लेकर संबंधित BLO से संपर्क कर सकता है.
कई मतदान केंद्रों पर अब तक एक भी Form-6 नहीं मिला
13 सितंबर 2026 तक प्राप्त Form-6 की मतदान केंद्रवार समीक्षा में सामने आया कि कई बूथों पर आवेदन की संख्या काफी कम है. झारखंड में कुल 31,892 मतदान केंद्र हैं. इनमें से 75 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां अभी तक एक भी Form-6 प्राप्त नहीं हुआ है. रांची में भी 62 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां 13 सितंबर तक एक भी Form-6 नहीं मिला था. वहीं, कांके विधानसभा क्षेत्र के 52 मतदान केंद्रों पर भी अभी तक एक भी Form-6 प्राप्त नहीं हुआ है. इसके अलावा कई मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां केवल एक से पांच Form-6 ही प्राप्त हुए हैं.
राजनीतिक दलों से भी सहयोग की अपील
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से भी SIR प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है.राजनीतिक दलों से कहा गया है कि वे अपने BLA-2 यानी Booth Level Agent के जरिए पात्र युवाओं और नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक करें. इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर Form-6 और घोषणा पत्र भरने में भी सहायता उपलब्ध कराएं.
SIR की मतदाता सूची भविष्य में भी हो सकती है महत्वपूर्ण
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के मुताबिक, मौजूदा SIR के दौरान तैयार की जा रही मतदाता सूची भविष्य में दस्तावेजी संदर्भ के तौर पर भी उपयोगी हो सकती है. SIR से तैयार मतदाता सूची को स्थायी दस्तावेज के रूप में संधारित किया जाएगा. इसके अलावा SIR से जुड़े दस्तावेज भविष्य में मतदाताओं और उनके बच्चों की मैपिंग में भी उपयोगी हो सकते हैं. ऐसे में जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक SIR की ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है, उन्हें समय रहते Form-6 भरकर नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है.
15 सितंबर है आखिरी तारीख
अगर आपका नाम SIR की ड्राफ्ट मतदाता सूची में नहीं है और आप मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए पात्र हैं, तो 15 सितंबर 2026 से पहले Form-6 जरूर जमा करें. खासकर पहली बार वोटर बनने जा रहे युवाओं को इस डेडलाइन का ध्यान रखना चाहिए.याद रखें वोट देने के लिए सिर्फ वोटर आईडी होना ही काफी नहीं है, मतदाता सूची में नाम होना भी जरूरी है.
