RANCHI : बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है.राज्य के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 30 अगस्त तक रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है.
इन जिलों में येलो अलर्ट
27 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, खूंटी और कोडरमा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.वहीं रांची समेत अन्य जिलों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है.
28 अगस्त को चतरा, कोडरमा, गिरिडीह और हजारीबाग में भारी बारिश की संभावना है। राज्य के अन्य हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है.
29 अगस्त को गिरिडीह, देवघर, दुमका, धनबाद, जामताड़ा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश होने की संभावना है.
इसे भी पढ़ें :अभय तिवारी की रिमांड 3 दिन बढ़ी,पत्नी और भाई जेल भेजे गए
झारखंड में अब भी 10% कम बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, झारखंड में 1 जून से 26 अगस्त तक सामान्य बारिश 759.1 मिमी होनी चाहिए थी, जबकि इस अवधि में अब तक 679.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है.यानी राज्य में कुल मिलाकर सामान्य से करीब 10 प्रतिशत कम बारिश हुई है.
हालांकि, कुछ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। रांची में सामान्य 776.3 मिमी के मुकाबले अब तक 807.5 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से करीब 4 प्रतिशत अधिक है.
इन जिलों में सामान्य से अधिक बारिश
पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 44 प्रतिशत, सिमडेगा में 7 प्रतिशत, सरायकेला-खरसावां में 6 प्रतिशत, लातेहार में 8 प्रतिशत और खूंटी में 4 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है.
जमशेदपुर में सबसे अधिक 65 मिमी बारिश
बुधवार को राज्य में सबसे अधिक बारिश जमशेदपुर में 65 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा बोकारो में 45 मिमी और रांची में 2 मिमी बारिश हुई.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। लोगों को भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है
इसे भी पढ़ें :थाना प्रभारी को गाली देने के आरोप पर पुलिस एसोसिएशन सख्त,जयराम महतो ने ऑडियो पर उठाए सवाल
