GODDA: सदर प्रखंड के पैरडीह पंचायत में विकास कार्यों की हकीकत एक बार फिर सामने आ गई। मंगलवार रात हुई बारिश के बाद पंचायत का अंडरपास पूरी तरह जलमग्न हो गया। अंडरपास में घुटनों से लेकर कमर तक पानी भर जाने के कारण लोगों का आवागमन बाधित हो गया। मजबूरी में ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह समस्या नई नहीं है। हर वर्ष बारिश के मौसम में अंडरपास तालाब का रूप ले लेता है। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों, मरीजों और रोजमर्रा के यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई लोग पानी से होकर गुजरने के दौरान फिसलकर घायल भी हो चुके हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए कई बार विरोध-प्रदर्शन किया गया और जनप्रतिनिधियों व प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपे गए। मंत्री से लेकर सांसद तक से स्थायी समाधान की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। परिणामस्वरूप हर बारिश में वही स्थिति दोहराई जाती है और लोगों की परेशानियां बढ़ जाती हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उनका आरोप है कि विकास के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अंडरपास में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रभावी ड्रेनेज व्यवस्था और आवश्यक निर्माण कार्य जल्द कराया जाए, ताकि हर बारिश में लोगों को अपनी जान जोखिम में डालकर आवागमन न करना पड़े
इसे भी पढ़े:गोड्डा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 ग्राम हेरोइन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, दो बाइक भी जब्त
