GODDA : गोड्डा पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 50 ग्राम हेरोइन (ब्राउन शुगर) के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई नगर थाना पुलिस ने एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान की.

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई. अभियान के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से करीब 50 ग्राम हेरोइन बरामद की.
दो मोटरसाइकिल भी हुईं जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक एचएफ डिलक्स और एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है. पुलिस के अनुसार, इन वाहनों का इस्तेमाल मादक पदार्थों की तस्करी में किया जा रहा था.
गोड्डा और बांका के आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में दो गोड्डा जिले के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी बिहार के बांका जिले का रहने वाला है. तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर पुलिस का जोर
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
लोगों से पुलिस की अपील
पुलिस ने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सके.
