RANCHI : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को मोरहाबादी स्थित अपने पिता और झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में रहे दिशोम गुरु शिबू सोरेन को उनकी पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि गुरुजी उनके लिए सिर्फ पिता ही नहीं, बल्कि मार्गदर्शक भी थे.

श्रद्धांजलि के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में राज्य में चल रहे JPSC विवाद और छात्रों के आंदोलन पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जांच के हर पहलू को गंभीरता से देखा जा रहा है.
सरकार की आंख भी है, नाक भी है और हाथ भी
JPSC मामले पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा,सरकार की आंख भी है, नाक भी है, हाथ भी है. उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले पर लगातार नजर रख रही है और राज्य के हित में काम कर रही है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, मामले से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जानकारी सरकार तक पहुंच रही है और जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
JPSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर पिछले कई दिनों से छात्र आंदोलन कर रहे हैं. छात्र पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और अपनी मांगों पर ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
छात्रों की मांगों पर उचित समय पर फैसला- CM
छात्रों के आंदोलन और उनकी मांगों के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस विषय को गंभीरता से देख रही है. उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों और उनकी जिज्ञासाओं को ध्यान में रखते हुए उचित समय पर फैसला लिया जाएगा. मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि छात्रों को सरकार की मंशा पर भरोसा होगा. हेमंत सोरेन ने यह भी कहा कि राज्य में अलग-अलग स्तरों पर जांच और दूसरी जरूरी प्रक्रियाएं चल रही हैं. जांच एजेंसियां सक्रिय हैं और जहां भी किसी तरह की गड़बड़ी या गलती हुई होगी, उसकी गहराई से जांच की जा रही है.
तथ्य सामने आने के बाद सरकार अपना फैसला सार्वजनिक करेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद तस्वीर और साफ होगी. उन्होंने कहा कि सभी तथ्यों के सामने आने के बाद सरकार अपना फैसला सार्वजनिक करेगी. उनके बयान से साफ है कि सरकार फिलहाल जांच की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रही है. सरकार का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच जरूरी है.
JPSC विवाद को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार सरकार पर दबाव बढ़ा रहा है. ऐसे में मुख्यमंत्री का यह बयान आंदोलन कर रहे छात्रों के लिए सरकार के अगले कदम को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
कल्पना सोरेन बोलीं- यह सिर्फ एक परिवार का नहीं, पूरे झारखंड का भावुक पल
दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर गांडेय विधायक और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक परिवार के लिए नहीं, बल्कि झारखंड के हर परिवार के लिए भावुक पल है. कल्पना सोरेन ने शिबू सोरेन के संघर्ष और झारखंड के प्रति उनके योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि गुरुजी की स्मृतियां और उनके विचार हमेशा लोगों के बीच जीवित रहेंगे.
JPSC आंदोलन पर कल्पना सोरेन ने क्या कहा ?
JPSC मामले को लेकर चल रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर कल्पना सोरेन ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस मुद्दे को लेकर काफी संवेदनशील हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार इस मामले का समाधान निकालने के लिए काम कर रही है. ऐसे समय में जब JPSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं, मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन के बयान से सरकार की ओर से मामले को गंभीरता से लिए जाने का संदेश दिया गया है.
अब नजर सरकार के अगले कदम पर
JPSC विवाद में जांच आगे बढ़ने के साथ छात्रों का आंदोलन भी जारी है. छात्र चाहते हैं कि कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई की जाए. वहीं सरकार का कहना है कि जांच एजेंसियां मामले के अलग-अलग पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं और जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्यों के आधार पर फैसला लिया जाएगा.अब नजर इस बात पर होगी कि जांच में क्या सामने आता है और सरकार छात्रों की मांगों पर आगे क्या कदम उठाती है.
