रांची : मोराबादी मैदान से हटाए गए वेंडरों के पुनर्वास की दिशा में रांची नगर निगम ने महत्वपूर्ण पहल की है. नगर निगम अब इन वेंडरों के लिए स्थायी और सुव्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित करने की तैयारी कर रहा है. इसी क्रम में बुधवार को रांची की महापौर रोशनी खलखो और उप महापौर नीरज कुमार ने टैगोर हिल के समीप लगभग 45 डिसमिल गैरमजरूआ भूमि का निरीक्षण किया. प्रस्तावित स्थल को हटाए गए वेंडरों के लिए नए वेंडिंग जोन के रूप में विकसित किया जाएगा.

नगर निगम का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य वेंडरों को उनकी आजीविका के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और स्थायी स्थान उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपना व्यवसाय संचालित कर सकें.
वेंडरों से संवाद कर जानी समस्याएं और सुझाव
निरीक्षण के दौरान महापौर और उप महापौर ने बड़ी संख्या में उपस्थित वेंडरों से सीधे संवाद किया. इस दौरान उन्होंने वेंडरों की समस्याएं, आवश्यकताएं और सुझाव सुने. वेंडरों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए स्थायी स्थान की आवश्यकता पर जोर दिया.
नगर निगम के अधिकारियों ने वेंडरों को भरोसा दिलाया कि पुनर्वास की पूरी प्रक्रिया उनकी सहमति और सुविधा को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाई जाएगी, ताकि किसी भी परिवार की आजीविका प्रभावित न हो.
रोजी-रोटी छीनना नहीं, सम्मानजनक स्थान देना उद्देश्य
महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य किसी भी वेंडर की रोजी-रोटी छीनना नहीं है. उन्होंने कहा कि शहर के विकास और वेंडरों की आजीविका के बीच संतुलन बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र वेंडर को सम्मानजनक और सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे बिना किसी असुरक्षा के अपना व्यवसाय कर सकें। उनका कहना था कि शहर के विकास के साथ-साथ उन लोगों के हितों की रक्षा करना भी आवश्यक है, जिनकी आजीविका छोटे व्यवसायों पर निर्भर है.
इसे भी पढे : रांची ट्रैफिक अलर्ट: जगन्नाथपुर रथयात्रा के लिए 25 जुलाई तक विशेष व्यवस्था
शहर को व्यवस्थित बनाने के साथ वेंडरों के हितों की भी होगी सुरक्षा
उप महापौर नीरज कुमार ने कहा कि रांची को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है. हालांकि, इसके साथ ही यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले वेंडरों के हित प्रभावित न हों।.
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित वेंडिंग जोन ऐसी व्यवस्था के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां वेंडर व्यवस्थित ढंग से व्यवसाय कर सकें और आम नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें. इससे यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और सार्वजनिक स्थानों का उपयोग भी अधिक सुव्यवस्थित तरीके से हो सकेगा.
वेंडरों ने नगर निगम की पहल का किया स्वागत
निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद वेंडरों ने नगर निगम की इस पहल का स्वागत किया। कई वेंडरों ने प्रस्तावित स्थल पर अपनी दुकानें लगाने की सहमति जताई और इसे उनकी आजीविका की सुरक्षा की दिशा में सकारात्मक कदम बताया.
वेंडरों का कहना था कि यदि उन्हें स्थायी स्थान उपलब्ध कराया जाता है, तो बार-बार हटाए जाने की चिंता समाप्त होगी और वे अधिक स्थिरता के साथ अपना व्यवसाय कर सकेंगे.
बिजली, पानी और शौचालय जैसी सुविधाओं से होगा सुसज्जित वेंडिंग जोन
नगर निगम के अनुसार, प्रस्तावित वेंडिंग जोन में केवल दुकान लगाने की जगह ही उपलब्ध नहीं कराई जाएगी, बल्कि वहां बिजली, पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी. इसका उद्देश्य वेंडरों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना और ग्राहकों को भी सुविधाजनक व्यवस्था देना है. नगर निगम का कहना है कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद वेंडिंग जोन के विकास का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा.
पुनर्वास और शहरी विकास के बीच संतुलन बनाने की पहल
मोराबादी मैदान से हटाए गए वेंडरों के पुनर्वास को लेकर उठाया गया यह कदम रांची नगर निगम की उस नीति को दर्शाता है, जिसमें शहर के सौंदर्यीकरण और अतिक्रमण प्रबंधन के साथ-साथ छोटे व्यवसायियों की आजीविका को भी समान महत्व दिया जा रहा है. यदि प्रस्तावित योजना समय पर पूरी होती है, तो इससे न केवल वेंडरों को स्थायी व्यवसायिक स्थान मिलेगा, बल्कि शहर की यातायात और सार्वजनिक व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी.
इसे भी पढे : मोरहाबादी में जमीन विवाद, बाउंड्री तोड़ गाड़ा सरना झंडा
