LOHARDAGA : जिले के कुडू थाना क्षेत्र में एक निजी आवासीय विद्यालय में करैत सांप के काटने से एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य घायल हो गईं.
घटना मंगलवार देर रात सलगी पंचायत स्थित रोचो महुवा टोली के संवसीरा हायर सेकेंडरी आवासीय विद्यालय में हुई.
इसे भी पढ़ें : जगन्नाथपुर रथ मेला की तैयारियां तेज, डीजीपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
जानकारी के मुताबिक यह विद्यालय अभी निर्माणाधीन है और इसी में कुछ छात्राएं रह रही थीं. रात में खाना खाने के बाद छात्राएं अपने कमरे में सो रही थीं.
इसी दौरान करैत सांप कमरे में घुस गया. सबसे पहले सेन्हा थाना क्षेत्र के अलौदी नवा टोली निवासी वर्षा उरांव 12 वर्षीय को डस लिया.
उसके शोर मचाने पर सांप ने फुलमनिया उरांव, अनिषा उरांव और मनीषा कुमारी को भी काट लिया.छात्राओं की चीख सुनकर शिक्षक पहुंचे और चारों को आनन-फानन में लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाया गया.
डॉक्टरों ने जांच के बाद वर्षा उरांव को मृत घोषित कर दिया. गंभीर स्थिति को देखते हुए कुडू निवासी फुलमनिया उरांव को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया गया है.
रोचो महुवा टोली निवासी मनीषा कुमारी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. वहीं अनिषा उरांव का इलाज एक निजी अस्पताल में किया गया है.
घटना के बाद विद्यालय परिसर में दहशत का माहौल है. विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि सांप कमरे में कैसे पहुंचा इसकी जानकारी नहीं है. सभी को बिना देर किए अस्पताल पहुंचाया गया था.
कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिली है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है.
इसे भी पढ़ें : पूर्वी सिंहभूम: सिमुलडांगा में महिला से दरिंदगी, त्वरित कार्रवाई
