रांची: ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेला के आयोजन को लेकर झारखंड पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं. गुरुवार को जगन्नाथपुर मंदिर परिसर में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई.

बैठक में रथ मेला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
डीजीपी तदाशा मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने रथ यात्रा मार्ग और मेला परिसर में सतत निगरानी बनाए रखने, पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए.
उन्होंने यह भी कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को पहले से सुव्यवस्थित रखना आवश्यक है, ताकि रथ यात्रा के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
समीक्षा बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा, यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह सहित पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और मेला समिति के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, जगन्नाथपुर रथ मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय के भीतर पूरी कर ली जाएंगी.
