RANCHI : झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 27 जून से 3 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान मेघगर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. राजधानी रांची में 1 जुलाई को भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में SIR को लेकर सख्त निर्देश, फर्जी दस्तावेज देने वालों पर कानूनी शिकंजा
राज्य में अब तक सामान्य से 61% कम बारिश
मानसून की सक्रियता के बावजूद झारखंड में अब तक अपेक्षित बारिश नहीं हुई है. 1 से 26 जून के बीच राज्य में सामान्य वर्षा 149.8 मिमी होनी चाहिए थी, लेकिन केवल 59 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 61 प्रतिशत कम है. राजधानी रांची की बात करें तो यहां इस अवधि में सामान्य वर्षा 158.2 मिमी मानी जाती है, जबकि अब तक 125.7 मिमी बारिश ही रिकॉर्ड की गई है. राज्य के लगभग सभी जिलों में वर्षा सामान्य से कम दर्ज की गई है.
30 जून तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 27 से 30 जून के बीच झारखंड के अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहेंगे. कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना बनी रहेगी. बारिश के प्रभाव से राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि पलामू, चतरा और गढ़वा जैसे जिलों में गर्मी का असर फिलहाल बना रह सकता है.
इसे भी पढ़ें : JAC का बड़ा फैसला : प्रमाण पत्रों में सुधार के लिए 30 सितंबर 2026 तक मिलेगा समय. एफिडेविट जरूरी
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें. खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें और विभाग द्वारा जारी मौसम संबंधी सलाह का पालन करें.
