KODERMA : कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के लतबेधवा गांव में एक नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है.
इसे भी पढ़ें : प्रेमी को बुलाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, गोमिया में घंटों चला ड्रामा
मृतका की पहचान 23 वर्षीय संजना कुमारी के रूप में हुई है. उसका शव घर के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है.
जानकारी के अनुसार संजना कुमारी की शादी करीब चार महीने पहले मरकच्चो के पश्चिमी मोहल्ला निवासी अमर सिंह के साथ हुई थी. कुछ दिन पहले वह अपने मायके लतबेधवा गांव आई हुई थी.
सोमवार रात वह अपने परिजनों के साथ जयनगर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौटी थी.
परिजनों ने बताया कि घर लौटने के बाद संजना ने सामान्य रूप से भोजन किया और अपने कमरे में सोने चली गई. मंगलवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को चिंता हुई.
कई बार आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली.इसके बाद घर के पीछे की खिड़की से झांककर देखा गया तो संजना का शव पंखे से लटका मिला.
आनन-फानन में परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन भी जांच के लिए जब्त कर लिया है.फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है.
परिवार के अनुसार शादी समारोह से लौटने के बाद संजना पूरी तरह सामान्य थी. ऐसे में उसकी अचानक मौत से परिजन और ग्रामीण सदमे में हैं.
इसे भी पढ़ें : लखनऊ हादसे के बाद झारखंड में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा पर सवाल
