RANCHI : झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस ने गठबंधन के तहत एक सीट पर अपनी दावेदारी पेश की है. इस मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की, जिस पर सीएम ने फैसला लेने के लिए 2-3 दिनों का समय मांगा है. कांग्रेस की ओर से झारखंड प्रभारी के. राजू और तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने हेमंत सोरेन से बातचीत की. वहीं, कांग्रेस अब दूसरी सहयोगी पार्टियों राजद और भाकपा-माले से भी समर्थन जुटाने में लगी है.

दरअसल, जेएमएम ने एक सीट पर अपना उम्मीदवार उतारने का फैसला पहले ही कर लिया है. विधानसभा में जेएमएम के 34 विधायक हैं और एक उम्मीदवार को जिताने के लिए 28 वोट की जरूरत होगी. ऐसे में जेएमएम के पास 6 अतिरिक्त वोट बचेंगे. कांग्रेस के 16 विधायकों के साथ इन्हें जोड़ने पर आंकड़ा 22 तक पहुंचता है. जीत के लिए अब भी 6 वोट कम पड़ते हैं, जिसके लिए राजद के 4 और माले के 2 विधायकों का समर्थन जरूरी माना जा रहा है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में मौसम हुआ सुहाना, 1 जून तक बारिश और आंधी का अलर्ट
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस नेताओं को यह भी बताया कि सिर्फ जेएमएम के समर्थन से कांग्रेस उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित नहीं होगी. गठबंधन में शामिल अन्य दलों का साथ जरूरी है. फिलहाल राजद विधायक तेजस्वी यादव के संकेत का इंतजार कर रहे हैं. वहीं, मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा है कि अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व ही करेगा.
