PALAMU : जिले के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के कर्मा गांव में मंगलवार देर रात एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान कर्मा गांव निवासी राजमुनि पाठक के रूप में हुई है. अपराधियों ने उनके सिर में गोली मारी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है. जानकारी के अनुसार, राजमुनि पाठक मंगलवार रात अपने घर में सो रहे थे. इसी दौरान कुछ लोग उनके घर पहुंचे और किसी बहाने से उन्हें बाहर बुलाकर घर से करीब 200 मीटर दूर ले गए. वहां आरोपियों ने उनके सिर में गोली मार दी. घटना के समय घर में उनकी पत्नी और दो बेटे मौजूद थे.
इसे भी पढ़े : ट्रेजरी घोटाले पर BJP का हमला, ₹10,000 करोड़ गायब, सरकार पर ‘दफनाने की साजिश’ का आरोप

कर्मा गांव में देर रात वारदात को दिया गया अंजाम पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पिपराटांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी. थाना प्रभारी निलेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. परिजनों ने शुरुआती तौर पर जमीन विवाद की आशंका जताई है. बताया जा रहा है कि कर्मा गांव में राजमुनि पाठक का किसी व्यक्ति के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. घटना वाली रात इलाके में कई शादी समारोह भी आयोजित थे. इसी वजह से घर से बाहर बुलाने पहुंचे लोगों की पहचान परिजन नहीं कर सके.
इसे भी पढे़ : झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला : 54 पुलिसकर्मियों का तबादला आदेश रद्द
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर जमा हो गए.
