GRIHDIH : सदर प्रखंड के कुम्हरगड़िया एवं बजटो गांव में गोलगप्पा खाने से बीमार हुए लोगों का हाल जानने के लिए डीसी रामनिवास यादव देर रात तक सक्रिय रहे. रात में ही डीसी के साथ एसडीएम श्रीकांत विस्पुते और एसडीपीओ जीतबाहन उरांव गांव पहुंचे. यहां घरों में जिन मरीजों का इलाज चल रहा था, उनके घर जाकर डीसी ने मुलाकात की और साथ आए चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए. साथ ही ग्रामीणों को गर्मी में खानपान को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी.

कुम्हरगड़िया-बजटो में बीमारी फैलने से हड़कंप, एम्बुलेंस व्यवस्था पर सवाल
जांच के दौरान यह सामने आया कि गोलगप्पा बेचने वाला व्यक्ति पालमो गांव का रहने वाला है और वह अक्सर इस इलाके में आता रहता है. शनिवार को भी वह गोलगप्पा बेचने पहुंचा था. पहले पहर में जिन लोगों ने गोलगप्पा खाया उनकी तबियत सामान्य रही, लेकिन दूसरे पहर में खाने वालों की तबियत बिगड़ने लगी. ग्रामीणों के अनुसार रविवार सुबह से ही लोगों की हालत ज्यादा खराब होने लगी.
शुरुआत में गांव में ही इलाज किया गया, लेकिन दोपहर बाद जब मरीजों की संख्या बढ़ने लगी तो उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया. इस दौरान एम्बुलेंस सेवा को लेकर भी ग्रामीणों ने नाराजगी जताई. उनका कहना था कि 108 पर कॉल करने के बाद एम्बुलेंस देर से पहुंची और एक साथ कई मरीजों को ले जाने में भी आनाकानी की गई. इसके बाद कई मरीजों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाना पड़ा. डीसी ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई का भरोसा दिया.
बच्चे की मौत पर मुआवजे की मांग, डीसी ने मदद का दिया भरोसा
घटना में एक बच्चे की मौत के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग उठाई. इस पर डीसी ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दी जाएगी और प्रशासन पूरी तरह उनके साथ है. यह इलाका गांडेय विधानसभा क्षेत्र में आता है. ऐसे में विधायक सह मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन ने भी डीसी से फोन पर बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में बदलेगा मौसम. तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि के साथ गर्मी से राहत के आसार
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक प्रो जेपी वर्मा भी गांव पहुंचे और मरीजों का हाल जाना. भाजपा नेता दिनेश यादव सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी सदर अस्पताल पहुंचे. मामले में गोलगप्पा बेचने वाले व्यक्ति को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है. मुफ्फसिल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि गोलगप्पा का मसाला कब तैयार किया गया था और उसमें क्या-क्या सामग्री मिलाई गई थी.
