Nakib Ziya
EAST SINGHBHUM : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में एक बार फिर रहस्यमयी सिलेंडर जैसी वस्तु मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. मामला बरागाड़िया पंचायत के पानीपाड़ा गांव का है, जहां बुधवार देर शाम स्वर्णरेखा नदी के किनारे ग्रामीणों की नजर इस संदिग्ध वस्तु पर पड़ी. देखते ही देखते खबर फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया.
इसे भी पढ़ें : झारखंड हाईकोर्ट सख्त, जवाब में देरी पर हेमंत सोरेन पर 1000 रुपये जुर्माना
एहतियातन पूरे इलाके की घेराबंदी
सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को घेर लिया. पुलिस ने एहतियातन आसपास की निगरानी बढ़ा दी है. थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया है. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह वस्तु विस्फोटक है या कोई सामान्य धातु का टुकड़ा.
पहले भी मिल चुका है विस्फोटक
इस इलाके का हालिया रिकॉर्ड भी चिंता बढ़ाने वाला रहा है. पानीपाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में पहले भी इस तरह की संदिग्ध चीजें मिल चुकी हैं. 17 मार्च को नदी किनारे एक बम बरामद हुआ था, जबकि 24 मार्च को द्वितीय विश्व युद्ध काल का अमेरिकी बम मिला था, जिसे सेना और पुलिस की निगरानी में सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया था.
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है और सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी यह एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है. फिलहाल सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है.
इसे भी पढ़ें : सीबीएसई 10वीं परीक्षा के नतीजे: 99.6% अंक हासिल कर प्रण्या प्रिया बनी स्टेट टॉपर
