Nakib Ziya
RANCHI : सीबीएसई 10वीं के नतीजों में इस बार दिल्ली पब्लिक स्कूल का दबदबा साफ देखने को मिला. स्कूल के छात्रों ने न सिर्फ टॉप किया. बल्कि टॉप-2 पर भी कब्जा जमाकर शानदार प्रदर्शन किया है.
इसे भी पढ़ें : पाकुड़ में विकास योजनाओं की समीक्षा, सांसद विजय कुमार हांसदा ने दिया आवश्यक दिशा-निर्देश
99.6% अंक हासिल कर प्रण्या प्रिया स्टेट टॉपर बनी हैं. उनकी सफलता सिर्फ शानदार अंकों तक सीमित नहीं है बल्कि उनकी पढ़ाई का तरीका भी काफी दिलचस्प और प्रेरणादायक है.
प्रण्या की मां दीप्ति लता बताती हैं कि परीक्षा से कुछ दिन पहले उन्हें एक दिन काफी डांट पड़ी थी. वजह थी—पढ़ाई के दौरान भी मोबाइल पर यूट्यूब देखना. परिवार को लगा कि उनका ध्यान पढ़ाई से भटक रहा है. लेकिन जब सख्ती से पूछा गया तो प्रण्या ने जो बताया, उसने सबकी सोच बदल दी.
प्रण्या ने बताया कि वह यूट्यूब का इस्तेमाल मनोरंजन के लिए नहीं बल्कि अपने टफ डाउट्स क्लियर करने के लिए करती है. यही उनकी पढ़ाई का अनोखा तरीका था. वह स्कूल में पढ़ाए गए विषयों को घर आकर दोहराती थीं. और जहां भी अटकतीं. वहां तुरंत डिजिटल प्लेटफॉर्म की मदद लेती थीं.
खासकर मैथ्स और सोशल साइंस जैसे विषय जो उन्हें पहले कठिन लगते थे. उन्होंने इसी तरीके से मजबूत किए. खास बात यह है कि प्रण्या ने कभी कोई कोचिंग नहीं ली. और उनकी पूरी तैयारी सेल्फ स्टडी पर आधारित रही.
मां के अनुसार, कई बार उन्हें ही कहना पड़ता था कि अब थोड़ा आराम कर लो. उन्होंने कभी भी प्रण्या पर पढ़ाई का दबाव नहीं डाला. जिसकी वजह से वह पढ़ाई को एन्जॉय करती रहीं. यही उनकी सफलता का सबसे बड़ा राज बना.
इसे भी पढ़ें : सोना साफ करने के नाम पर ज़ेवर लेकर फरार हो गए युवक
इसी स्कूल के एक अन्य छात्र ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.4% अंक हासिल किया और राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया. इस तरह दिल्ली पब्लिक स्कूल के छात्रों ने टॉप-2 पर कब्जा जमाकर स्कूल का नाम रोशन किया है.
प्रण्या प्रिया का सपना आगे चलकर डॉक्टर बनना है. उनका यह परिणाम न सिर्फ उनकी मेहनत का फल है बल्कि उन छात्रों के लिए भी प्रेरणा है जो स्मार्ट तरीके से पढ़ाई कर बड़ी सफलता हासिल करना चाहते हैं.
