Nakib Ziya
RANCHI : राज्य में मंईयां सम्मान योजना और विभिन्न पेंशन योजनाओं से जुड़े करीब 87 लाख लाभुकों के लिए अहम खबर सामने आई है. अप्रैल महीने की राशि मिलने में देरी हो सकती है, जिसके कारण लाभुकों को अब अगले महीने तक इंतजार करना पड़ सकता है.
इसे भी पढ़ें : पूर्व विधायक दिनेश मरांडी ने पिता साइमन मरांडी की पुण्य-तिथि पर दी श्रद्धांजलि
दरअसल, नए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अभी तक स्वीकृत्यादेश जारी नहीं किया गया है. इसी वजह से ट्रेजरी से राशि की निकासी संभव नहीं हो पा रही है और भुगतान प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है. जब तक विभाग से स्वीकृत्यादेश नहीं मिलता, तब तक लाभुकों के खातों में पैसे ट्रांसफर नहीं किए जा सकेंगे.
उधर, ट्रेजरी घोटाले की जांच भी इस प्रक्रिया में देरी का एक बड़ा कारण बन सकती है. जांच के चलते भुगतान में और विलंब होने की आशंका जताई जा रही है.
राज्य में संचालित छह पेंशन योजनाओं के करीब 36 लाख लाभुक और मंईयां सम्मान योजना के करीब 51 लाख लाभुक हैं. इन सभी को मार्च महीने तक की राशि मिल चुकी है. पेंशन योजनाओं के तहत हर महीने 1000 रुपए और मंईयां योजना के तहत 2500 रुपए दिए जाते हैं.
मंईयां सम्मान योजना की राशि आमतौर पर हर महीने की 15 तारीख के आसपास लाभुकों के खातों में भेजी जाती है, लेकिन इस बार यह तय समय पर नहीं मिल पाएगी.
संभावना जताई जा रही है कि अप्रैल और मई महीने की राशि एक साथ ट्रांसफर की जा सकती है. ऐसे में लाभुकों को फिलहाल थोड़ा लंबा इंतजार करना पड़ सकता है.
इसे भी पढ़ें : डीएवी के छात्र गणेश का इसरो ‘युविका’ के लिए हुआ चयन
