BOKARO : समाहरणालय सभागार में बुधवार को जिला गंगा समिति द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान के सफल संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने की. बैठक में अभियान की रूपरेखा, क्रियान्वयन और जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई. मौके पर नमामि गंगे के नोडल पदाधिकारी शक्ति कुमार ने अभियान को लेकर विस्तृत जानकारी सभी के साथ साझा की. इस अवसर पर नगर निगम चास के मेयर भोलू पासवान, अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार, उप मेयर चास, अध्यक्ष नगर परिषद फुसरो, उपाध्यक्ष नगर परिषद फुसरो, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मुकेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार आदि उपस्थित थे.
मन -कर्म एवं परिवेश को स्वच्छ रखने का सभी लें संकल्प, 14 से 22 अप्रैल तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान : अजय नाथ झा (उपायुक्त)
इसे भी पढ़ें : दिवंगत जे० एन० सिंह के संस्कार भोज में शामिल हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन

स्वच्छता को सामाजिक जिम्मेदारी बताया
अपने संबोधन में उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है. उन्होंने बताया कि मन, कर्म एवं परिवेश की स्वच्छता को अपनाकर ही एक स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण संभव है. उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं संगठनों को समन्वित प्रयास के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.
निर्माल के लिए अलग प्रकोष्ठ
क्षेत्र में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निर्माल (पूजा सामग्री अवशेष) के लिए एक सुंदर एवं सुव्यवस्थित प्रकोष्ठ तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं. इस प्रकोष्ठ का उद्देश्य निर्माल सामग्री के समुचित संग्रहण एवं प्रबंधन को सुनिश्चित करना है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा.

अगरबत्ती निर्माण की एक इकाई
इसके साथ ही, स्थानीय स्तर पर बीएसएल प्रशासन, नगर निगम चास एवं नगर परिषद फुसरो प्रशासन को स्वरोजगार के अवसर सृजित करने के लिए अगरबत्ती निर्माण की एक छोटी इकाई स्थापित करने के लिए निर्देश दिया गया. इस इकाई के माध्यम से निर्माल सामग्री का उपयोग कर पर्यावरण अनुकूल उत्पाद तैयार किए जाएंगे, जिससे न केवल कचरे का पुनः उपयोग संभव होगा, बल्कि स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं एवं युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे.
इसे भी पढ़ें : सीतापहाड़ी गांव में अवैध तरीके से गैस सिलेंडर का भंडारण करने पर ग्रामीणों ने की शिकायत
जन आंदोलन बनाने पर दिया जोर
उपायुक्त ने कहा कि 14 से 22 अप्रैल तक चलने वाले इस विशेष अभियान को जनआंदोलन का रूप देना आवश्यक है. इसके लिए आम नागरिकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी.

विभिन्न निकायों की सहभागिता सुनिश्चित
इस अभियान में नगर निगम चास, नगर परिषद फुसरो, बीएसएल नगर प्रशासन, शिक्षा विभाग, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाएं एवं अन्य सामाजिक संगठन (चेंबर आफ कामर्स, लायंस क्लब, रोटरी क्लब, दामोदर बचाओ आदि) मिलकर कार्य करेंगे, ताकि अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाया जा सके.
जल स्रोतों व शहरी क्षेत्रों में चलेगा अभियान
अभियान के अंतर्गत गरगा नदी, दामोदर नदी एवं तेनुघाट डैम सहित विभिन्न जल स्रोतों की सफाई के साथ-साथ नगर निगम चास, नगर परिषद फुसरो तथा बीएस सिटी क्षेत्र के शहरी इलाकों एवं विभिन्न वार्डों में व्यापक स्वच्छता कार्यक्रम चलाए जाएंगे.
आमजनों से श्रमदान की अपील
उपायुक्त ने आमजनों से अपील की कि वे श्रमदान कर इस अभियान में सक्रिय योगदान दें और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं. वहीं, मेयर, उप मेयर चास, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष फुसरो सहित विभिन्न संगठनों ने अपना-अपना सुझाव रखा.
इसे भी पढ़ें : JPSC के प्रश्न पत्र में 100+ गलतियां, सहायक वन संरक्षक मुख्य परीक्षा पर उठे गंभीर सवाल
समापन पर वाकाथॉन व सम्मान समारोह
अभियान के समापन अवसर पर आगामी 22 अप्रैल को एक भव्य स्वच्छता वाकाथॉन/श्रमदान का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बेहतर कार्य करने वाले संगठनों, संस्थाओं एवं कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा.
