Ritika
RANCHI : झारखंड में महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने के लिए चलाई जा रही सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत मार्च महीने की राशि अब लाभुक महिलाओं के खातों में भेज दी गई है. इसकी जानकारी मंजूनाथ भजंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए दी. रांची के उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना के तहत जिले की लाखों महिलाओं को सीधा लाभ दिया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें : सारंडा में चल रहे सर्च अभियान में आईईडी ब्लास्ट, एक जवान घायल
मार्च के लिए 97,32,40,000 रुपये ट्रांसफर
मार्च माह के लिए रांची जिले की कुल 3 लाख 89 हजार 296 महिलाओं के बैंक खातों में आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से 2500 रुपये प्रति लाभुक की दर से कुल 97 करोड़ 32 लाख 40 हजार रुपये की बड़ी राशि ट्रांसफर की गई है. जिला प्रशासन के मुताबिक यह भुगतान पूरी पारदर्शिता के साथ सीधे महिलाओं के खातों में भेजा गया है ताकि उन्हें किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
जिले के सभी प्रखंडों में पहुंची राशि
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले के अलग-अलग प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाओं को इसका लाभ मिला है, जिनमें अनगड़ा, बेड़ो, बुढ़मू, चान्हो, कांके, मांडर, नगड़ी, नामकुम, ओरमांझी, रातू, सिल्ली, सोनाहातू और तमाड़ जैसे इलाके शामिल हैं, वहीं अरगोड़ा, बड़गाईं, हेहल, नगड़ी शहरी क्षेत्र, नामकुम शहरी क्षेत्र और सदर शहरी क्षेत्र की हजारों महिलाओं के खातों में भी राशि पहुंच चुकी है.
राशि भुगतान में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को साफ निर्देश दिया है कि योजना के भुगतान में किसी भी तरह की गड़बड़ी या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि किसी पात्र लाभुक को राशि मिलने में कोई समस्या आती है तो उसका तुरंत समाधान किया जाएगा. प्रशासन का कहना है कि इस योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनके सम्मान को बढ़ाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें : बरहेट अंचल क्षेत्र के सनमनी मौजा में आदिवासी जमीन से जुड़े मामले में सोरेन परिवार को नहीं मिल रहा न्याय
