Aanchal
RANCHI : झारखंड विधानसभा में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां समितियों का पुनर्गठन कर कई विधायकों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं. इस फेरबदल में खरसावां के विधायक दशरथ गागराई को विधानसभा आवास समिति का नया सभापति बनाया गया है. उनके नेतृत्व में अब विधायकों के आवास से जुड़ी सुविधाओं, समस्याओं और व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी. सरकार का कहना है कि इस कदम से कामकाज और ज्यादा पारदर्शी और व्यवस्थित होगा, जिससे विधायकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी.
इसे भी पढ़ें : असम चाय बगानों के आदिवासियों को एसटी का दर्जा नहीं मिलने के लिए हेमंत ने सरकारों को आड़े हाथों लिया
इस नई आवास समिति का कार्यकाल एक साल का होगा, जिसमें भूषण बाड़ा, समीर कुमार मोहंती और प्रदीप प्रसाद को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है. ये सभी मिलकर आवास आवंटन, रखरखाव और उससे जुड़ी समस्याओं पर सुझाव देंगे और समय-समय पर अपनी रिपोर्ट विधानसभा अध्यक्ष को सौंपेंगे. माना जा रहा है कि इस नई टीम के जरिए प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी और जवाबदेही भी बढ़ेगी. अब देखना होगा कि दशरथ गागराई की कप्तानी में यह समिति कितनी प्रभावी तरीके से काम करती है और क्या सच में आवास व्यवस्था को बेहतर बना पाती है.
