RANCHI : छत्तीसगढ़ में हुए पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया. 25 मार्च से 3 अप्रैल तक रायपुर, जगदलपुर और सरगुजा में आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने कुल 35 पदक अपने नाम किए, जिनमें 16 गोल्ड, 8 सिल्वर और 11 ब्रॉन्ज शामिल रहे.
इसे भी पढ़ें : रांची उपायुक्त का आदेश, कोई भी सीओ जमीन माफिया के साथ नहीं करे सांठगांठ
ट्रॉफी देकर झारखंड टीम का हुआ सम्मान
रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित समापन समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने झारखंड की टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया. इस मौके पर दुमका के जिला खेल पदाधिकारी तूफान पोद्दार, कोच और खिलाड़ी भी उपस्थित रहे.
प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, कुश्ती और तीरंदाजी में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। एथलेटिक्स में कई एथलीट्स ने स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया, जबकि कुश्ती और तीरंदाजी में भी बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला. वहीं पुरुष हॉकी और महिला फुटबॉल टीम ने भी दमदार खेल दिखाते हुए फाइनल तक पहुंचकर रजत पदक हासिल किया. इसके अलावा तैराकी, भारोत्तोलन और कुश्ती में खिलाड़ियों ने कांस्य पदक जीतकर झारखंड की पदक संख्या को और मजबूत किया.
इसे भी पढ़ें : गैंगस्टर राहुल सिंह ने उठाया गरीब बच्चों की पढ़ाई और गरीब लड़कियों की शादी का जिम्मा
आदिवासी प्रतिभा ने राष्ट्रीय मंच पर छोड़ी मजबूत छाप
इस शानदार उपलब्धि पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल विभाग के अधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं. यह सफलता सिर्फ पदकों तक सीमित नहीं है, बल्कि आदिवासी इलाकों की प्रतिभा, मेहनत और जज़्बे की मजबूत पहचान भी बनकर उभरी है.
