Ritika
RANCHI : गैंगस्टर राहुल सिंह ने एक ऐसी प्रेस विज्ञप्ति जारी की है जिसकी चर्चा अब पूरे झारखंड में तेज हो गई है. झारखंड के लातेहार में बच्चों को मुफ्त में पढ़ाने की घोषणा कर उन्होंने सबको चौंका दिया है. साथ ही जिन्हें भी किसी तरह की परेशानी है, उसके लिए अपना कॉन्टैक्ट डिटेल्स भी जारी किया है. राहुल सिंह ने लातेहार की जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी लेते हुए उनके सुख दुख और उनकी जरूरत में खुद के हर समय खड़ा रहने की बात कही. साथ ही उसने पढे-लिखे बेरोजगार युवाओं को बच्चों को पढ़ाने के लिए आगे आने की बात कही.
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग की घटना पर लातेहार झामुमो की प्रेस वार्ता, कहा भाजपा की कोशिश थी राज्य को अशांत करने की
कोई भी बच्चा शिक्षक के अभाव में पढ़ाई से वंचित नहीं रहेगा
अपने प्रेस विज्ञप्ति में राहुल सिंह ने सबसे पहले लातेहार की 25वीं वर्षगांठ पर जनता को शुभकामनाएं दीं और इसके बाद बड़ा ऐलान करते हुए लिखा कि राहुल सिंह आज लातेहार की जनता से एक वादा करता है कि अब कोई भी बच्चा शिक्षक के अभाव में पढ़ाई से वंचित नहीं रहेगा. अगर सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी है तो उसका इंतजाम मैं करूंगा और उसका खर्च भी मैं ही उठाऊंगा. लातेहार के जितने भी पढ़े-लिखे युवा हैं वे मुझसे संपर्क करें, मैं उन्हें बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी दूंगा और उन्हें शिक्षक के रूप में खड़ा करूंगा, ताकि बच्चों को शिक्षा मिले और युवाओं को सम्मानजनक काम.
जरुरतमन्द लड़कियों की शादी का जिम्मा
इसके साथ ही अगर किसी बहन की शादी सिर्फ पैसों की कमी की वजह से रुक रही है तो उसकी जिम्मेदारी भी मैं उठाऊंगा. लातेहार का कोई भी भाई-बहन परेशानी में रहेगा तो राहुल सिंह चुप नहीं बैठेगा. मैं हर जरूरतमंद के साथ खड़ा हूं. लातेहार मेरा परिवार है और इस जिले के हर बच्चे का भविष्य उज्ज्वल बनाना मेरी जिम्मेदारी है. जो भी जरूरतमंद है वह मुझसे संपर्क करे, मैं हमेशा लातेहार के लोगों के साथ खड़ा हूं. इस बयान के साथ उन्होंने अपना कॉन्टैक्ट डिटेल्स भी जारी किया है, जिसके बाद पूरे इलाके में इस प्रेस विज्ञप्ति की जोरदार चर्चा हो रही है.
इसे भी पढ़ें : मैट्रिक-इंटर का रिजल्ट 20 अप्रैल तक जारी होने की संभावना, सीबीएसई का परिणाम भी इसी महीने
