Arafat
PAKUR : जिला मुख्यालय स्थित चर्चों में शुक्रवार को ईसाई समुदाय के लोगों ने गुड फ्राइडे का पर्व श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक आस्था के साथ मनाया. इस अवसर पर क्षेत्र के गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया. जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति भाव से ओत-प्रोत नजर आया. शहर के जिदातो मिशन स्थित चर्च में विशेष प्रार्थना सभा हुआ. इस दौरान पास्टर ईमानवेल चित्रकार ने प्रार्थना सभा के दौरान पवित्र बाइबल से यहुन्ना रचित सुसमाचार का पाठ किया. जिसे श्रद्धालुओं ने पूरे मनोयोग से सुना.
इसे भी पढ़ें : रांची में आदिवासी महिलाओं को कालिख पोत कर घुमाये जाने के मामले में फरार महिला आरोपी गिरफ्तार

प्रभु यीशु के बलिदान का संदेश देते हुए कहा कि प्रभु यीशु मसीह ने समस्त मानव जाति के पापों को अपने ऊपर लेकर क्रूस पर बलिदान दिया. उन्होंने बताया कि गुड फ्राइडे का दिन त्याग, प्रेम और क्षमा का प्रतीक है. यह पर्व हमें सिखाता है कि हमें अपने जीवन में इन मूल्यों को अपनाकर एक बेहतर समाज का निर्माण करना चाहिए. कार्यक्रम के दौरान प्रभु यीशु मसीह के क्रूस पर कहे गए सात वचनों, जिन्हें ‘सात क्रूस वाणी’ कहा जाता है, को भक्ति गीतों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया. इन गीतों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया और पूरा माहौल भक्ति में डूब गया.

इधर संग्रामपुर स्थित चर्च में पास्टर स्टीफन सोरेन ने प्रार्थना सभा कराया. उन्होंने बताया कि पाम संडे के बाद गुड फ्राइडे मनाया जाता है. प्रभु यीशु मसीह ने लोगों को प्रेम भाव के साथ चलने का संदेश दिया है. वहीं धनुषपूजा चर्च में पास्टर शर्मिला सोरेन ने प्रार्थना सभा कराया. इस दौरान श्रद्धालुओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया.
इसे भी पढ़ें : रसोई गैस की किल्लत के बीच सरकार का बड़ा फैसला
