BOKARO : जिले में 01 अप्रैल से 29 अप्रैल तक मनाए जाने वाले बोकारो स्थापना महोत्सव को लेकर बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक का उद्देश्य महोत्सव के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करना और दिशा-निर्देश देना था.
इसे भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ में बोकारो का दमदार प्रदर्शन, नेहा खलको और शिव कुमार सोरेन ने जीते स्वर्ण

महोत्सव की तैयारी और दिशा-निर्देश
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को महोत्सव के दौरान सुव्यवस्थित और प्रभावशाली आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने जोर दिया कि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य बोकारो जिले में अब तक हुए विकास कार्यों का प्रदर्शन, जनभागीदारी को बढ़ाना, और सामाजिक जागरूकता फैलाना होना चाहिए.
उन्होंने पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर विकास कार्यों का प्रदर्शन, जिले में स्वच्छता अभियान के तहत सड़क और सार्वजनिक स्थल पर सभी नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही.
समाजसेवी और अनसंग हीरो होंगे सम्मानित
महोत्सव के दौरान बोकारो के रहने वाले समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को बोकारो की विभूति एवं अनसंग हीरो के रूप में सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा, प्रशासनिक और विभागीय क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को ऑफिसर ऑफ द मंथ का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा.
उपायुक्त ने कहा कि यह महोत्सव केवल उत्सव नहीं है, बल्कि बोकारो की उपलब्धियों और समाज में योगदान देने वालों की सराहना करने का अवसर है. सभी नागरिकों और अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी इसे और भी यादगार बनाएगी.
डिजिटल अभियान और सोशल मीडिया सहभागिता
इस महोत्सव के प्रचार के लिए #BokaroSeJohar हैशटैग के माध्यम से डिजिटल अभियान चलाया जाएगा. जनता से अनुरोध किया है कि वे सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा करें, जो भी अच्छा कार्य कर रहे हैं उसे साझा करें और महोत्सव को व्यापक स्तर पर प्रमोट करें. बोकारो स्थापना महोत्सव इस जिले के सामाजिक और सांस्कृतिक विकास का प्रतीक बनकर सामने आएगा, जिसमें हर नागरिक की भागीदारी इसे सफल बनाएगी.
इसे भी पढ़ें : आखिरकार गिरफ्त में आया कोर्ट और डीसी ऑफिस को उड़ाने की धमकी देने वाला
बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, डीएसओ शालिनी खालको, एनडीसी प्रभाष दत्ता, डीपीआरओ मो. सफीक आलम, डीटीओ मारुति मिंज, डीपीआरओ रवि कुमार, डीपीओ राज शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
