Arafat
PAKUR : नगर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव में एक एलएलबी की छात्रा के साथ अधिवक्ता के द्वारा दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने आरोपी अधिवक्ता को गिरफ्तार भी कर लिया है. आरोपी अधिवक्ता पाकुड़ के दुर्गापुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. जबकि पीड़िता एलएलबी की छात्रा है और वह पाकुड़ जिले की ही रहने वाली है.
इसे भी पढ़ें : गैंगस्टर राहुल सिंह ने 12 वर्षीय बच्ची के साथ दरिंदगी करने वाले के खिलाफ जताया आक्रोश
नगर थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 मार्च को एक महिला ने थाना में आवेदन दिया था. आवेदन के आधार पर केस दर्ज किया गया. थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन में महिला ने कहा है कि वह एलएलबी की छात्रा है. पढ़ाई के सिलसिले में किसी किताब की जरूरत पड़ने पर आरोपी अधिवक्ता जुएल मुर्मू से उसकी मुलाकात और बातचीत हुई. इसके बाद महिला को आरोपी अधिवक्ता ने दुर्गापुर स्थित अपने घर पर बुलाया.
अधिवक्ता ने घर में बुलाकर महिला के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया और वीडियो भी बनाया. इसके बाद महिला को डरा धमका कर घर पर बुलाकर दुष्कर्म करता रहा. महिला ने डर से परिजनों को भी कुछ नहीं बताया. गत 29 मार्च को भी आरोपी ने महिला को घर बुलाया और जबरदस्ती करने लगा. लेकिन इस बार महिला ने हिम्मत दिखाई और किसी तरह इसकी जानकारी परिजनों तक पहुंचाई. इसके बाद परिजन पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया.
नगर थाना प्रभारी ने बताया कि इस दौरान पीड़िता के पति के साथ आरोपी अधिवक्ता ने मारपीट भी की. उन्होंने बताया कि थाना में मामले को लेकर केस दर्ज कर लिया गया है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी चल रही है.
इसे भी पढ़ें : झारखण्ड में निर्भया जैसी घटना, हजारीबाग में घटी घटना की जांच के लिए एसआईटी गठित
