Arafat
PAKUR : फेस संस्था ने जिले भर में संचालित साक्षरता कार्यक्रम (लिट्रेसी प्रोग्राम) के तहत ग्रामीण महिलाओं को साक्षर बनाने में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. फेस संस्था ने 810 ग्रामीण महिलाओं को साक्षर बनाने के लक्ष्य को हासिल किया है. यह उपलब्धि ग्रामीण महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है. इस लक्ष्य को हासिल करने में फेस संस्था को आई इम्पैक्ट का भरपूर सहयोग मिला. इसके साथ ही इंडस टावर का भी समर्थन प्राप्त हुआ. जिससे पाकुड़ जिले में संचालित मदर लिट्रेसी प्रोग्राम ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की.
इसे भी पढ़ें : मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में सीसीएल के सहायक सुरक्षा उप निरीक्षक पर चार्जशीट दाखिल
महिलाओं ने सीखा अक्षर ज्ञान
फेस की सचिव रितु पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत जिले की 810 महिलाओं को बुनियादी शिक्षा से जोड़कर उन्हें साक्षरता की नई राह दिखाई गई. यह विशेष शिक्षण कार्यक्रम 90 दिनों तक चलाया गया. कुल 27 केंद्र में 30-30 महिलाओं को जोड़ा गया. जिसमें महिलाओं को गिनती, जोड़, घटाव, गुणा, भाग जैसी मूलभूत गणितीय ज्ञान के साथ-साथ अक्षरों की पहचान, शब्द पढ़ना, लिखना और सरल भाषा को समझने पर जोर दिया गया. यह पहल विशेष रूप से बालिका शिक्षा केंद्रों से जुड़ी माताओं को ध्यान में रखकर चलाया गया. ताकि वे स्वयं शिक्षित होकर अपने बच्चों, विशेषकर बेटियों, की शिक्षा में सक्रिय भूमिका निभा सकें.
आत्मविश्वास में वृद्धि
कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि जिन महिलाओं ने कभी विद्यालय का वातावरण नहीं देखा था, वे आज आत्मविश्वास के साथ पढ़ने, लिखने और गणना करने में सक्षम हुई हैं. यह बदलाव न केवल शिक्षा तक सीमित है, बल्कि इससे महिलाओं के आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है.
महिलाएं हर क्षेत्र में आगे
उन्होंने बताया कि 28 मार्च 2026 को यह कार्यक्रम अपने 90 दिन सफलतापूर्वक पूर्ण कर रहा है. इस अवसर पर यह उपलब्धि ग्रामीण समाज में महिला शिक्षा के महत्व को रेखांकित करती है और यह संदेश देती है कि यदि अवसर और सहयोग मिले, तो महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं. फेस, आई इम्पैक्ट और इंडस टावर का यह संयुक्त प्रयास पाकुड़ जिले में महिला साक्षरता, जागरूकता और सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हुआ है.
इसे भी पढ़ें : दुमका की दो आदिवासी महिला पहलवान, खेलो इंडिया में दिखाएंगी दम
कार्यक्रम को सफल बनाने में फेस संस्था की सचिव रितु पांडेय, मेहबूब अलाम, शहादत हुसैन, अशोक कुमार, अजीजूर रहमान, रबिकुल इस्लाम, अकमल शेख और रिजवान शेख ने अहम भूमिका निभाई.
