RANCHI : कोल इंडिया के कर्मचारियों के लिए राहत की बड़ी खबर है. कोल इंडिया लिमिटेड ने अपनी हाउस बिल्डिंग एडवांस (HBA) योजना में बदलाव करते हुए अब कर्मचारियों को घर बनाने या खरीदने के लिए अधिकतम 30 लाख रुपये तक का लोन देने का फैसला किया है. हालांकि इसके लिए एक जरूरी शर्त रखी गई है—कर्मचारी को कम से कम 5 साल की सेवा पूरी करनी होगी. यह लोन कर्मचारी के 75 महीने के वेतन या 30 लाख रुपये, जो भी कम हो, उसी के अनुसार मिलेगा. अगर पति-पत्नी दोनों कंपनी में काम करते हैं, तो यह सुविधा सिर्फ एक को ही मिलेगी. साथ ही, घर का न्यूनतम क्षेत्रफल 22 वर्ग मीटर होना जरूरी है.
इसे भी पढ़ें : मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में सीसीएल के सहायक सुरक्षा उप निरीक्षक पर चार्जशीट दाखिल
लोन के लिए जरूरी शर्तें
कंपनी ने उम्र और सेवा अवधि को लेकर भी साफ नियम बनाए हैं. जिन कर्मचारियों की रिटायरमेंट में 5 साल से कम समय बचा है, यानी जिनकी उम्र 55 साल से ज्यादा है, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा. यह लोन नए घर के निर्माण, प्लॉट खरीदने, तैयार घर लेने या पुराने घर के विस्तार के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. घर के विस्तार के लिए अधिकतम 6 लाख रुपये तक की सीमा तय की गई है और इसके लिए कम से कम 3 साल की सेवा बाकी होनी चाहिए. खास बात यह है कि कर्मचारी अपने पूरे करियर में सिर्फ एक बार ही इस सुविधा का लाभ ले सकता है.
