Arafat
PAKUR : महेशपुर अंचल क्षेत्र अंतर्गत हाथीमारा मौजा में गोचर भूमि पर बने अवैध निर्माण को शनिवार को एसडीपीओ विजय कुमार एवं सीओ संजय कुमार सिन्हा की उपस्थिति में जेसीबी से ध्वस्त कर अतिक्रमण मुक्त कराया गया. इस दौरान अधिकारियों ने जेसीबी के माध्यम से अतिक्रमित किए गए 49 दुकानों को तोड़ दिया. अतिक्रमण मुक्त के दौरान चौक में बड़ी संख्या में पुलिस जवान, चौकीदार एवं महिला चौकीदार की प्रतिनियुक्ति की गई थी. दोपहर बाद दो जेसीबी के माध्यम से सड़क के दोनों और अस्थाई दुकानों को तोड़ते हुए प्रशासन की तरफ से बोर्ड भी लगाया गया. बोर्ड में अतिक्रमण करने वाले लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए चेतावनी दी गई है कि यह सरकारी गोचर भूमि है. इस भूमि पर किसी भी तरह का स्थाई निर्माण पूर्ण रूप से वर्जित है, साथ ही इस भूमि पर किसी भी तरह का निर्माण दंडनीय अपराध माना जाएगा. सरकारी भूमि को किसी के भी द्वारा अतिक्रमण नहीं किए जाने की हिदायत दी गई है.
इसे भी पढ़ें : मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में सीसीएल के सहायक सुरक्षा उप निरीक्षक पर चार्जशीट दाखिल

स्थानीय ग्रामीणों ने दिया था आवेदन
बताते चलें कि उक्त भूमि पर अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने कई बार संबंधित अधिकारियों को लिखित आवेदन दिया था. इसके बाद महेशपुर अंचल कर्मियों के द्वारा मामले की जांच कर नापी की गई. नापी के दौरान 49 दुकानदारों के द्वारा अवैध तरीके से सरकारी गोचर भूमि में दुकान बना हुआ पाया गया. इसके बाद अधिकारियों ने सभी को अतिक्रमण मुक्त करने का नोटिस दिया था. सभी दुकानदारों ने अपनी दुकानों को जेसीबी से तोड़ने से पूर्व में ही खाली कर दिया था. इसके बाद अधिकारियों ने सभी निर्मित और निर्माणाधीन संरचनाओं को तोड़कर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया.
अतिक्रमण की सूचना दें
अधिकारियों ने वहां के ग्रामीणों को भी जागरुक करते हुए कहा कि किसी के भी द्वारा अवैध तरीके से अतिक्रमण करने नहीं दें, यदि किसी के द्वारा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किया जा रहा है, तो इसकी सूचना प्रशासन को जल्द से जल्द दें. ताकि उन सभी के खिलाफ कार्रवाई की जा सके. अतिक्रमण मुक्त करवाने के दौरान दंडाधिकारी संजय मुर्मू , थाना प्रभारी रवि शर्मा, अंचल निरीक्षक गुरु दास कर, थाने के अमरजीत कुमार, भीम रजक, अंचल अमीन उमाकांत यादव, उपेंद्र यादव के अलावे अन्य पुलिस बल मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें : पलामू में यूपी और एमपी का डीजे साउंड जब्त, अत्यधिक शोर से बिगड़ी महिला की तबियत
