Ritika Sharma
RANCHI : निर्मल महतो के नाम पर झारखंड सरकार ने एक अहम और सराहनीय घोषणा की है. हेमंत सोरेन सरकार अब पिछड़ा वर्ग (OBC) के विद्यार्थियों के लिए शहीद निर्मल महतो के नाम से मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु मुफ्त कोचिंग शुरू करने जा रही है.
इसके साथ ही अनुसूचित जाति (SC) के छात्रों के लिए भारत रत्न डॉ. बी.आर. अंबेडकर के नाम से विशेष कोचिंग संस्थान खोले जाएंगे. इस फैसले के बाद झारखंड में अब केवल ST ही नहीं, बल्कि SC और OBC विद्यार्थियों को भी बड़ी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग की सुविधा मिलेगी.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में 28-29 मार्च को तेज बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
पहले से चल रही योजना का विस्तार
यह योजना पहले से चल रही उस व्यवस्था की तर्ज पर लागू की जा रही है, जो दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नाम से ST विद्यार्थियों के लिए संचालित है. अब सरकार इसी मॉडल को अन्य वर्गों तक विस्तार दे रही है. जानकारी के अनुसार, इन नई कोचिंग योजनाओं की शुरुआत शैक्षणिक सत्र 2026-27 से की जाएगी. इसके लिए कल्याण विभाग ने तैयारी भी शुरू कर दी है.
35 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित
हेमंत सरकार ने इस योजना के लिए कुल 35 करोड़ रुपये का बजट तय किया है :
– SC विद्यार्थियों के लिए: 20 करोड़ रुपये
– OBC विद्यार्थियों के लिए: 15 करोड़ रुपये
इन कोचिंग संस्थानों में छात्रों को प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी, जैसे :
– मेडिकल (NEET)
– इंजीनियरिंग (JEE)
– CLAT (कानून)
छात्रों के भविष्य को मिलेगा नया मौका
इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और पिछड़े वर्ग के छात्रों को बेहतर अवसर देना है, ताकि वे भी डॉक्टर, इंजीनियर और वकील बनने का सपना पूरा कर सकें. शिक्षा के क्षेत्र में यह झारखंड सरकार का एक बड़ा और दूरगामी कदम माना जा रहा है, जो आने वाले समय में हजारों छात्रों के भविष्य को नई दिशा दे सकता है.
