RANCHI : झारखंड में बनी शॉर्ट फिल्म ‘सरकारी विवाह’ इन दिनों पूरे राज्य में खूब चर्चा बटोर रही है. लगभग 55 मिनट की इस फिल्म को खास तौर पर उन लोगों को जरूर देखना चाहिए जो सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, क्योंकि इसकी कहानी कहीं न कहीं उनकी जिंदगी से जुड़ती हुई नजर आती है. यही वजह है कि सोशल मीडिया से लेकर यूट्यूब तक इस फिल्म की जमकर चर्चा हो रही है और लोग इसे काफी पसंद भी कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में दो राज्यसभा सीटों के लिए राजनीतिक दलों की हलचल हुई तेज, मई में चुनाव संभावित
इस फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसकी पूरी शूटिंग झारखंड में ही हुई है और इसमें काम करने वाले ज्यादातर कलाकार भी झारखंड के ही हैं. इतना ही नहीं, हैरानी की बात यह है कि इस दमदार और दिल को छू लेने वाली फिल्म को बनाने में केवल 1 से 2 लाख रुपये का खर्च आया है. इतने कम बजट में इतनी शानदार कहानी और अभिनय पेश करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, और यही कारण है कि लोग इस फिल्म की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

फिल्म में मुख्य भूमिका में आयुष शर्मा नजर आते हैं, जो एक कंटेंट क्रिएटर भी हैं. उनके साथ उनकी पत्नी के किरदार में अमीषा दिखाई देती हैं, जो खुद भी कंटेंट क्रिएटर हैं. दोनों पहले भी कई कंटेंट में साथ नजर आ चुके हैं. इसके अलावा फिल्म में सौरव सम्राट भी हैं, जिन्हें लोग “निशाचर” के नाम से जानते हैं.
अगर फिल्म की कहानी की बात करें, तो यह एक ऐसे पति-पत्नी की कहानी है, जिनकी शादी बिल्कुल अलग-अलग माहौल में पले-बढ़े दो लोगों के बीच होती है. कहानी में शहर के एक अमीर परिवार की लड़की की शादी गांव के एक साधारण और गरीब लड़के से हो जाती है. लड़का शांत स्वभाव का है और कई सालों से UPSC की तैयारी कर रहा है, लेकिन बार-बार प्रयास करने के बावजूद परीक्षा पास नहीं कर पाता.
इसी बीच उसकी शादी हो जाती है, जो लड़की के लिए कहीं न कहीं एक समझौते जैसी लगती है. गांव में तरह-तरह की बातें होने लगती हैं. लोग ताने मारते हैं कि शहर की लड़की गांव में ज्यादा दिन नहीं टिक पाएगी. ऊपर से लड़का बेरोजगार है और परीक्षा भी पास नहीं कर पा रहा है. गांव के लोग भी तंज कसते हैं कि अगर कुछ कर लिया होता, तो शादी भी अलग तरीके से होती.
अब आगे क्या होता है – क्या वह लड़का आखिरकार परीक्षा पास कर पाता है या नहीं, और अगर नहीं कर पाता तो क्या उसकी पत्नी उसका साथ देती है – यह जानने के लिए आपको पूरी फिल्म देखनी होगी. हालांकि इतना जरूर कहा जा सकता है कि यह 55 मिनट की फिल्म आपको कहीं भी बोर नहीं होने देगी. जहां कहानी थोड़ी धीमी पड़ती है, वहां निशाचर यानी सौरव सम्राट की एक्टिंग आपको हंसाने का काम करती है.
इसे भी पढ़ें : सुदिव्य सोनू की नीतियों से खत्म हो रही है झारखंड की कला?

फिल्म की एक और खास बात यह है कि इसकी शूटिंग झारखंड के हजारीबाग जिले के एक गांव में की गई है. फिल्म में नजर आने वाले लगभग 60 से 70 प्रतिशत कलाकार उसी गांव के लोग हैं. गांव के आम लोगों ने भी इसमें अभिनय किया है, और उनका प्रदर्शन देखकर कहीं से भी ऐसा नहीं लगता कि वे पहली बार कैमरे के सामने आए हैं.
फिल्म में आपको झारखंड की संस्कृति, गांव का माहौल, शादी की परंपराएं और गाने-बजाने की झलक भी देखने को मिलती है. इतने कम बजट में झारखंड की संस्कृति को इतने खूबसूरत तरीके से दिखाना लोगों को काफी पसंद आ रहा है. इस फिल्म को सौरव सम्राट ने लिखा और डायरेक्ट किया है. फिल्म में गाने भी हैं, जिनमें आवाज दी है मशहूर सिंगर रेखा झा ने, जिनकी आवाज फिल्म Gangs of Wasseypur में भी सुनाई दे चुकी है. इसके अलावा फिल्म के चीफ असिस्टेंट डायरेक्टर राकेश केदार हैं, जबकि आर्ट डायरेक्टर राज बक्शी और विक्की सोनी हैं.
इसे भी पढ़ें : रामनवमी : बोकारो ट्रैफिक रूट में बदलाव, 26 से लागू
कुल मिलाकर, झारखंड के कलाकारों और स्थानीय लोगों की मेहनत से बनी यह 55 मिनट की फिल्म दर्शकों को खूब पसंद आ रही है, और लोग इसे झारखंड के लिए गर्व की बात भी बता रहे हैं. अगर आपने अभी तक यह फिल्म नहीं देखी है, तो आप इसे यूट्यूब पर “सरकारी विवाह” नाम से देख सकते हैं. और अगर आपने यह फिल्म देख ली है, तो आपको यह कैसी लगी, हमें कमेंट में जरूर बताएं.
