BOKARO : इस वर्ष दिनांक 26/27 मार्च को रामनवमी का पर्व मनाया जायेगा. इस दिन राष्ट्रीय राजमार्ग एवं शहर के विभिन्न मार्गों पर काफी संख्या में लोग एकत्रित होकर जुलूस निकालते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित करने में काफी कठिनाई उत्पन्न होती है. उक्त के मद्देनजर यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित करने हेतु भारी वाहनों का परिचालन बंद करने एवं यातायात रूट में परिवर्तन करने की आवश्यकता होती है.
इसे भी पढ़ें : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिला विभिन्न संगठनों का प्रतिनिधिमंडल, मुख्यमंत्री ने दी रामनवमी शुभकामना
उक्त परिप्रेक्ष्य में दिनांक 26/27 मार्च, 2026 को रामनवमी पर्व के दौरान दिनांक 26 मार्च दोपहर 01:00 बजे से 28 मार्च, 2026 को जुलूस समाप्ति तक बोकारो शहर की यातायात को सुव्यवस्थित रखने एवं विधि-व्यवस्था के मद्देनजर निम्न व्यवस्था की गई है:-

- पेटरवार की ओर से उकरीद मोड़ की ओर आने वाले भारी वाहन को जरीडीह(टांड़ बालीडीह) टोल के पास रोका जायेगा.
- पुरूलिया की ओर से आई०टी०आई० मोड़ की ओर आने वाले भारी वाहन को पिण्ड्राजोरा चेक पोस्ट एवं आई०टी०आई० मोड़ पर रोका जाएगा.
- चन्दनकियारी की ओर से जोधाडीह मोड़ की ओर आने वाले भारी वाहन को भवानीपुर साईड के पास रोका जाएगा.
- धनबाद की ओर से जोधाडीह मोड़ की ओर आने वाले भारी वाहन को तेलमच्चो (पूपनकी) टोल के पास रोका जाएगा.
- इलेक्ट्रोस्टील की ओर से आने वाले भारी वाहनों को तेलगड़िया मोड़ पर रोका जाएगा.
- बालीडीह की तरफ से उकरीद मोड़ की ओर आने वाले चार पहिया/तीन पहिया वाहन का परिचालन बांयी तरफ वर्जित रहेगा. सभी चार पहिया/तीन पहिया वाहन का परिचालन स्टेशन मोड़ से उकरीद मोड़ तक दाहिने तरफ से होगा. (आवश्यकतानुसार छोटे वाहनों का परिचालन स्टेशन मोड़ में माराफारी होते हुए नया मोड़ के तरफ से भी किया जाएगा)
- नयामोड़ से उकरीद मोड़ की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन सेक्टर-12 मोड़ से होते हुए पुलिस लाईन से होते हुए उकरीद मोड़ जायेंगे.
- माराफारी से नयामोड़ की ओर आने वाले भारी वाहन का परिचालन पूर्णतः बंद रहेगी तथा भारी वाहन को रेलवे पुल के पास रोका जाएगा.
- चास की ओर से आने वाले तथा उकरीद मोड़ की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहन का परिचालन सेक्टर-12 मोड़ से बांए पुलिस लाईन मैदान होते हुए हाईवे से उकरीद मोड़ जायेंगे.
- सेक्टर-11 की ओर से हवाई अड्डा की ओर आने वाले सभी प्रकार के वाहन का परिचालन पत्थरकट्टा चौक से दाहिने गांधी चौक होते हुए जायेंगे.
- राजेन्द्र चौक से राम मंदिर चौक की ओर जाने वाले वाहनों का परिचालन जुलूस के समय वर्जित रहेगा.
- उकरीद मोड़ बैरिकेटिंग कर पूर्णतः बंद रहेगा.
- नयामोड़ से उकरीद मोड़ वाले मार्ग पर जुलूस के समय बस का परिचालन पूर्णतः वर्जित रहेगा.
इसे भी पढ़ें : तेली समाज के वरिष्ठ नेता दयानंद कश्यप का निधन, 75 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
इस संबंध में संबंधित थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र अन्तर्गत वाहनों को निर्धारित समय एवं स्थल पर रोकने हेतु निर्देशित किया गया है. यह आदेश दिनांक 26 मार्च, 2026 को दोपहर 01:00 बजे से 28 मार्च, 2026 को जुलूस समाप्ति तक प्रभावी रहेगा.
