RANCHI : रांची के पुंदाग से 4 फरवरी को बरामद हुए एक युवक के शव से जुड़े मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. मामला प्रेम प्रसंग में हत्या का है. युवक की हत्या युवक की बहन के प्रेमी ने की थी. युवक, आरोपी को अपनी बहन से मिलने के लिए मना करता था. इस मामले में युवक ने आरोपी की पिटाई भी की थी. जिसका बदला लेने के उद्देश्य से आरोपी ने युवक की हत्या कर दी.
इसे भी पढ़ें : रांची में हवाई फायरिंग, कोयला व ईंट कारोबारियों को धमकी
इस मामले में पुलिस ने दो युवकों, साहिद अंसारी और दिलशाद को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में शाहिद अंसारी ने बताया कि उसका मृत युवक वसीम मंसूरी की बहन के साथ प्रेम प्रसंग था. 15 जनवरी 2025 को लोहरदगा में अपनी प्रेमिका से मिलने के दौरान लड़की के घरवालों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया था, जिसके बाद उसकी पिटाई की गई थी. उक्त घटना के बाद आरोपी ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर मृतक को मारने की योजना बनाई. 2 फरवरी को आरोपियों ने मृतक को काम के बहाने से बुलाकर लाजपतनगर पुंदाग के एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट में चाकू और लाठी से वार कर के हत्या कर दी. शव को उसी निर्माणाधीन अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर के पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर मामले की छानबीन के लिए विशेष अनुसंधान टीम (SIT) का गठन किया गया था. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लाठी, चाकू सहित अन्य वस्तुओं को जब्त कर लिया है.
इसे भी पढ़ें : नकली, अवैध शराब व गांजा के मामले में गोड्डा पुलिस को फिर मिली सफलता
