PAKUR : आगामी नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निर्भीक और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को पाकुड़ एसडीपीओ दयानंद आजाद की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई. बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों ने भाग लिया. गोष्ठी के दौरान थानावार दर्ज मामलों, लंबित कांडों तथा केस प्रगति की गहन समीक्षा की गई. एसडीपीओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बैठक का मुख्य फोकस नगर निकाय चुनाव रहा.
बिना डरे मतदान
एसडीपीओ ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें, इसके लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहे. जनवरी माह में दर्ज मामलों की स्थिति पर चर्चा करते हुए निष्पादित एवं लंबित मामलों की जानकारी ली गई. एसडीपीओ ने लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने तथा रात्रि गश्ती अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया.
चुनाव को प्रभावित करने वालों पर विशेष नजर
उन्होंने असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने, शराब एवं नशीले पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई करने और सभी थाना क्षेत्रों में गश्ती व्यवस्था मजबूत करने को कहा. साथ ही चुनाव को प्रभावित करने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश भी दिया गया. मौके पर पुलिस निरीक्षक बबलू कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार, नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, मालपहाड़ी ओपी प्रभारी राहुल कुमार, सिमलंग ओपी प्रभारी अरविंद कुमार, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें : ठेंगे पर कानून और कायदे : बोकारो में सरपट दौड़ रही है काले रंग की स्कॉर्पियो, नंबर प्लेट पर लिखा है BOSS, प्रशासन चुप
