GODDA : नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मोहम्मद कामरान ने आज एक अलग मिसाल पेश की. उन्होंने बिना किसी शोर-शराबे, बैनर-पोस्टर और समर्थकों की भीड़ के समाहरणालय गोड्डा पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से अपना नामांकन दाखिल किया.
नामांकन के उपरांत मीडिया को संबोधित करते हुए मोहम्मद कामरान ने कहा कि चुनाव में अनावश्यक खर्च और दिखावे की राजनीति से वे दूर रहना चाहते हैं. उन्होंने कहा, जो पैसा भीड़ इकट्ठा करने और प्रचार में खर्च किया जाता है, उसी पैसे से गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करना ज्यादा जरूरी है.
उन्होंने यह भी कहा कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो वे नगर क्षेत्र में पारदर्शी प्रशासन, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार, बुनियादी सुविधाओं के विकास और गरीब-पिछड़े वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता देंगे. मोहम्मद कामरान का कहना था कि राजनीति सेवा का माध्यम है, न कि प्रदर्शन का. उनके इस सादे और संवेदनशील कदम की नगर क्षेत्र में चर्चा हो रही है और आम लोग इसे सकारात्मक पहल के रूप में देख रहे हैं. उनके नामांकन के दौरान प्रशासनिक अधिकारी एवं चुनाव कर्मी मौजूद रहे. पूरे घटनाक्रम में शांति और व्यवस्था बनी रही.
इसे भी पढ़ें : दुबई में फंसे झारखंड के 14 मजदूर, सरकार से लगाई वतन वापसी की गुहार
