BOKARO : पूरे झारखंड में हाथी तांडव मचा रहे हैं, उस दंतेल हाथी की क्रूरता सभी ने देखी है जिसने लगभग 20 लोगों को मार डाला. अब बोकारो से भी एक मामला सामने आया है. रविवार की रात बोकारो के गोमिया थाना क्षेत्र में हाथियों के झुंड ने एक युवक को गाड़ी से खींच कर उसे कुचल कर मार डाला. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
गाड़ी खींच कर निकाला
बोकारो पुलिस के अनुसार यह घटना गोमिया थाना क्षेत्र के कांडर गांव के पास सिमराबेड़ा के समीप हुई. रामगढ़ का रहने वाला रविन्द्र दांगी अपने ओमनी गाड़ी से जा रहा था. रास्ते में हाथियों का एक झुंड आ गया, जिसे देख कर उसने अपने गाड़ी की हैडलाइट बंद कर दी. लेकिन फिर भी हाथियों ने उसे गाड़ी से खींच कर बाहर निकाला और पास के खेत में कुचल कर मार डाला.
इसे भी पढ़ें : कोल्हान में दंतैल हाथी का आतंक, 7 दिनों में 17 ग्रामीणों की मौत, वन विभाग बेबस
बताया जा रहा है कि बोकारो-रामगढ़ जिला से सटे सीमा क्षेत्र के जंगल में लगभग 5 जंगली हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है. ग्रामीणों के अनुसार उक्त युवक को आगाह किया गया था लेकिन फिर भी उसने उस रास्ते पर जाने का फैसला किया जो कि उसके जीवन के लिए भारी पड़ा.
वन विभाग ने क्या कहा
बोकारो वन प्रमंडल के डीएफओ संदीप शिंदे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मृतक के परिजनों को नियमानुसार कुछ मुआवजा दिया गया है, शीघ्र ही शेष मुआवजा दे दिया जाएगा. वन विभाग ने अपील करते हुए कहा कि रविवार को घटित यह घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है. वर्तमान में हाथियों का झुंड भोजन और पानी तलाश में एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में विचरण कर रहा है. ऐसे में लोगों को चाहिए कि हाथी गलियारा वाले क्षेत्र में रात में आने-जाने से बचें.
इसे भी पढ़ें : रांची के बुढ़मू में भीड़ ने की विक्की की हत्या, मामले में 7 गिरफ्तार
