L19/DESK : आज झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र का दूसरा दिन है।सत्र के दौरान हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी को लेकर झामुमो व भाजपा के विधायक आपस मे भिड़ गए। सदन की कार्यवाही राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के साथ शुरू हुई, इससे पहले झामुमो विधायक स्टीफन मरांडी ने राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव लाया, जिसका कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय ने समर्थन किया।झामुमो विधायक सीता सोरेन को चंपई सोरेन सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की उम्मीद है। उन्होंने मीडिया के सामने मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना व्यक्त करते हुए कहा कि सभी कुछ बाबा (शिबू सोरेन) तय करेंगे। उनका आशीर्वाद मिलेगा तो वह जरूर मंत्री बनेंगी।
भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही ने कहा कि चंपई सोरेन 31 जनवरी की घटना के कारण नहीं 22 जनवरी को रामलला के आने के कारण वे मुख्यमंत्री बने। उनके इस वक्तव्य पर कांग्रेस विधायक अपनी सीट पर उठकर हंगामा करने लगे। भानु ने कहा, प्रभु श्रीराम ने एक आंदोलनकारी को मुख्यमंत्री बनाया। पूर्व मुख्यमंत्री आंदोलनकारी नहीं आंदोलनकारी के पुत्र थे। उनके इस वक्तव्य पर सदन में सतापक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। इधर, भाजपा विधायकों ने जय श्रीराम के नारे लगाए।