L19 Desk : झारखंड के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में थोड़ी राहत हुई है। वैसे भी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में सुधार होगा। 29-30 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने की संभावना है। झारखंड में दो जनवरी की शाम से मौसम का मिजाज बदल सकता है। वर्ष 2024 की शुरुआत के पहले दिन यानी एक जनवरी को तो मौसम खुशनुमा रहेगा, लेकिन दो जनवरी की शाम से ही आसमान में बादल छा जायेंगे। तमिलनाडु में चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ ने झारखंड में ठंड का खेल बिगाड़ दिया। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में भी रात का तापमान 11 से 12 डिग्री के बीच चल रहा है।
मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक एक जनवरी तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि तमिलनाडु में चक्रवात ने हवा का रुख बदला और पश्चिमी विक्षोभ ने मौसम का सिस्टम बदल दिया। इससे उत्तर-पश्चिम से आने वाली ठंडी हवा झारखंड में कम आई। इसलिए न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं हुआ। अब दिसंबर का अंतिम सप्ताह ओर नए साल के पहले दिन भी लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 25.4 और न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री रहा।