L19 Bokaro : झारखंड के बोकारो जिले में नक्सलियों ने एक आदिवासी व्यक्ति की हत्या कर दी है। जिले के चतरोचटी थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम दिया। चुटे पंचायत के अमन पहाड़ के तलहटी पर बसे दंडरा गांव में शख्स की हत्या करने के बाद नक्सलियों ने शव को मृतक के आवास के कुछ ही दूरी पर फेंक दिया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय सुखराम मांझी के रूप में हुई है, जो पूर्व वार्ड सदस्य था। मृतक अपने गांव में चिकन शॉप चलाता था।
मंगलवार शाम के करीब सात से आठ बजे के बीच अंजाम दिया। नक्सलियों ने खुद घटना का जिम्मा लेते हुए कुछ पोस्टर छोड़े। नक्सलियों के पोस्टर में मृतक पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया गया है। साथ ही लोगों को यह धमकी भी दी गई कि पुलिस की मुखबिरी करने वालों को मौत के घाट उतार दिया जाएगा। रात को ही घटना के संबध में चतरोचटी थाना के थाना प्रभारी नीरज कुमार ने कहा कि नक्सली घटना सूचना मिली है, जिस जगह घटना को अंजाम दिया गया है। सुरक्षा की दृष्टिकोण से वहां रात को जाना उचित नहीं है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के सबंध में वरीय अधिकारी को सूचना दी गयी है।