L19/Ranchi : झारखंड का मशहूर पान मसाला कारोबारी समूह सिंघानिया ग्रुप के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी जारी है। छापेमारी के दौरान 3 किलो के जेवरात बरामद किये गये हैं। इन जेवरात की कीमत का पता लगाया जा रहा है। इसके साथ ही सिंघानिया ग्रुप के ठिकानों से मिले दस्तावेजों की जांच की जा रही है। मामला आयकर चोरी का बताया जा रहा है।
इनकम टैक्स अफसरों द्वारा छापेमारी में मिले दस्तावेजों को आधार पर संबंधित लोगों से पूछताछ भी किया जा रहा है। बता दें कि बीते 19 दिसंबर को आयकर की टीम ने सिंघानिया ग्रुप के 29 ठिकानों पर एक साथ छापा मारा था। इसमें से 20 ठिकानें झारखंड में स्थित हैं, और बाकि 9 ठिकानें बिहार, बंगाल व मध्य प्रदेश में स्थित है।
छापेमारी के दौरान कंपनी से 40 लाख रुपये भी बरामद किये गये। इसके बावजूद कार्रवाई बुधवार को भी जारी रही। सिंघानिया ग्रुप के पान-मसाले के कच्चे व्यापार का पैसा रियल स्टेट में निवेश किये जाने की आशंका जतायी जा रही है। साथ ही कृषि उत्पाद के क्षेत्र में कदम रखने का उद्देश्य भी टैक्स से बचना बताया जाता है।
गौरतलब है, सिंघानिया ग्रुप के पान मसाला का कारोबार बहुचर्चित है। रांची ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड में यह कारोबार फैला हुआ है। हालांकि, तंबाकू पर बैन होने के बाद सिंघानिया ग्रुप ने पान मसाला के साथ साथ दूसरे बिजनेस में भी हाथ आजमाया। करीब दो साल पूर्व इस ग्रुप ने रियल स्टेट व्यापार में भी कदम रखा। आगे चलकर इसने मशरूम और अन्य कृषि उत्पाद के क्षेत्र में व्यापार का विस्तार किया।