L19/Giridih : गिरिडीह जिले के एक परिवार अपनी बेटी की शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। पूरे परिवार में खुशी का माहौल छाया हुआ था। पर इस खुशी को किसी की नजर लग गई और परिवार में मातम छा गया था। क्योंकि जिसकी शादी की तैयारी चल रही थी, उसने विवाह से दो दिन पहले ही आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार घटना जमुआ प्रखंड के नवडीहा ओपी क्षेत्र के बघेडीह गांव की है। गांव के महेंद्र मंडल की पुत्री काजल कुमारी ने शादी के दो दिन पहले अपने ही कमरे में फांसी लगाकर कर ली आत्महत्या।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। अभी आत्महत्या के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। काजल कुमारी की मां शांति देवी ने बताया की हर दिन की तरह रात में खाना खाकर अपने कमरे में सोने गई थी। सुबह जब उसके कमरे में झाड़ू लगाने के लिए गई, तो देखा कि काजल फंदे से लटकी थी। बताया कि काजल बीए सेमेस्टर वन की छात्रा थी और शनिवार को उसकी शादी होने वाली थी। काजल के पिता महेंद्र मंडल ने बताया कि शनिवार को घर में शहनाई बजने वाली थी, लेकिन इसके दो दिन पहले ही बेटी ने आत्महत्या कर ली। काजल की शादी लगभग तीन माह पूर्व धनबाद के टुंडी के सोने गांव में विजय मंडल के साथ तय हुआ था। गुरुवार से हल्दी (मेहंदी) की रस्म शुरू होने वाली थी।
काजल उनकी इकलौती पुत्री थी। उसकी शादी को लेकर परिवार के लोग बहुत उत्साहित थे। शादी के लिए भव्य पंडाल बनाने की तैयारी चल रही थी। बेटी को देने के लिए पलंग, गोदरेज, एलइडी टीवी, बर्तन सभी की खरीदारी हो चुकी थी। शादी में शामिल होने के लिए रिश्तेदार भी आ चुके थे। घर पर सभी लोग शादी की खुशियां मनाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अचानक सारी खुशियों मातम में बदल गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार नवडीहा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।