L19/Ramgarh : रामगढ़ जिले के चितरपुर स्थित आरबी हाईस्कूल, सांडी में छात्राओं के साथ शुक्रवार को हुई छेड़खानी और मारपीट के बाद अब 10 नामजद समेत 100 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस ने छापेमारी शुरु कर दी है।
घटना के बाद शनिवार को स्कूल का संचालन पुलिस की निगरानी में किया गया। स्कूल खुलने के पहले ही कैंपस के बाहर और अंदर पुलिस की तैनाती कर दी गयी थी। थानेदार एनएच सिंह के अलावा कई अधिकारी कैंपस में मुश्तैद दिखे। छुट्टी के बाद तक पुलिस लोगों की एक एक गतिविधि पर नजर रख रही थी। स्कूल की सुरक्षा में रजरप्पा पुलिस के अलावा कई थानों के जवान तैनात थे।
इधर की घटना की जानकारी मिलते ही सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी शनिवार को पहुंचे। प्रशासन को 24 घंटे का समय देते हुए चेतावनी दी कि अगर इतने देर में आरोपी पकड़े नहीं गये, तो मामला आंदोलन का रूप ले लेगा। मामले को लेकर पुलिस सक्रिय है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में छापेमारी जारी है। वहीं, शुक्रवार की रात और शनिवार को कई जगहों पर पुलिस ने दबिश दी।
गुस्सावहीं घटना को लेकर लोगों में उबाल है। बता दें कि शुक्रवार की देर रात भी दो पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए थे। बेसिक स्कूल के समीप दोनों पक्ष के दर्जनों लोग जमा हो गए। जब थानेदार हरिनंदन सिंह को इसकी जानकारी हुई तो वे मौके पर पहुंचे और लोगों को घर भेजा।
बता दें, शुक्रवार को स्कूल की छात्राओं के साथ छेड़खानी की खबर सामने आयी थी। एक खास समुदाय के लोगों ने स्कूल में घुसकर छात्राओं से छेड़खानी की। इसका जब छात्र-छात्राओं ने विरोध किया तो, उनकी जमकर पिटाई की गई। इसमें दो दर्जन छात्र-छात्राएं घायल हो गए।