Arafat
PAKUR : महेशपुर थाना क्षेत्र के डांगापाड़ा गांव में मंगलवार को ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. दिनदहाड़े दो अज्ञात युवकों द्वारा सोने का जेवर साफ करने के नाम पर एक महिला से करीब एक लाख रुपये का जेवर ठगी कर फरार हो गए. घटना को लेकर डांगापाड़ा गांव निवासी फिरोजा बीबी ने महेशपुर थाने में आवेदन देकर घटना की शिकायत की है.
इसे भी पढ़ें : सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर झारखंड भाजपा में उत्साह, नेताओं ने दी बधाई
आवेदन में उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे वह अपनी नतनी के साथ घर पर मौजूद थीं. इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो अज्ञात व्यक्ति उनके दरवाजे पर पहुंचे. दोनों युवकों ने खुद को बर्तन साफ करने का लिक्विड बेचने वाला बताया और दावा किया कि उनके पास ऐसा केमिकल है जिसमें किसी भी धातु का सामान चमकाया जा सकता है.
उन्होंने महिला को विश्वास में लेकर उसके सोने के जेवर साफ करने की पेशकश की. पहले तो महिला ने मना कर दिया, लेकिन ठगों के द्वारा बार-बार आग्रह करने पर उन्होंने अपने कान की करीब छह आना वजन की बाली तथा नतनी की करीब तीन आना वजन की बाली साफ करने के लिए दे दी. दोनों जेवरों की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है. उसके बाद ठगों ने एक स्टील प्लेट में लिक्विड डालकर जेवर साफ करने का नाटक किया और फिर सफेद पाउडर के साथ उन्हें एक पैकेट में डाल दिया.
इसके बाद महिला से कहा गया कि पैकेट को पांच मिनट बाद ही खोलें, अन्यथा जेवर खराब हो सकते हैं. इतना कहकर दोनों युवक मौके से फरार हो गए. कुछ देर बाद जब महिला ने पैकेट खोला तो उसमें जेवर नहीं थे. घटना का एहसास होते ही उन्होंने महेशपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी और ठगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. खबर लिखे जाने तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी.
इसे भी पढ़ें : लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के हर घर तक पहुंचे बिजलीः हेमलाल
