L19/Ranchi : रांची जिले से एक दहशत फैलाने वाली खबर सामने आयी है। दरअसल, एक सीसीएल कर्मचारी की हथियारबंद अपराधियों ने रविवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। ये घटना पिपरवार महाप्रबंधक कार्यालय के पास सुबह करीब 9.15 के आस पास घटी है। मृतक की पहचान रांची जिले के खलारी थाना क्षेत्र स्थित पिपरवार परियोजना में माइनिंग सरदार के पद पर कार्यरत 56 वर्षीय सीसीएल कर्मचारी राम विजय सिंह के तौर पर हुई है। राम विजय सिंह के पेट में दो गोली लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार, राम विजय सिंह सुबह ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी बीच अपराधियों ने उनपर गोलीबारी कर दी। गोली राम विजय के पेट में जा लगी जिससे वह बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े। इसकी जानकारी मिलते ही सहयोगी सीसीएल कर्मचारी गुरदयाल सिंह और केपी यादव मौके पर पहुंचे। उन्हें पिपरवार क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें नहीं बचाया जा सका।
मृतक की अगर बात करें तो वह बिहार के औरंगाबाद स्थित मदनपुर थाना के बलार गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में पिपरवार थाना क्षेत्र की अशोक विहार कॉलोनी में रहते थे। इधर, घटना के बाद यूनियन के लोगों ने मृतक के परिजनों को तत्काल नियुक्ति पत्र देने की मांग को लेकर शव उठाने से रोक दिया।
घटना के बाद राम विजय सिंह के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके से पुलिस ने नाइन एमएम पिस्टल का दो खोखा बरामद किया है। सूचना मिलने पर खलारी डीएसपी अंकिता राय समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान के लिए कार्रवाई की जा रही है।