L19 DESK : शनिवार रात संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस में डकैती की घटना को अपराधियों ने अंजाम दिया। घटना देर रात 11 बज कर 30 मिनट की है, जब लातेहार स्टेशन पार करते ही करीब 10-12 की संख्या में हथियारों से लैस अपराधी ट्रेन के स्लीपर बोगी में घुस गए। अपराधियों ने यात्रियों से नगदी, जेवर सहित 10 लाख रुपये की लूटपाट की। इस दौरान अपराधियों ने 10 राउंड फायरिंग भी की। पुलिस ने ट्रेन की बोगियों से दो खोखा भी बरामद किया है।
इस घटना में आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घटना छिपादोहर की बतायी जाती है। घायल यात्रियों का निकटवर्ती अस्पताल में इलाज कराया गया। इसके बाद डालटनगंज स्टेशन पहुंचने के बाद यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। डालटनगंज स्टेशन से अहले सुबह तीन बज कर 39 मिनट पर दिल्ली के लिए ट्रेन खुली। डालटनगंज जंक्शन पर करीब ढाई घंटे ट्रेन रूकी रही।
लातेहार स्टेशन से खुलने के बाद सबंलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस के एस-9 बोगी में अपराधियों ने हथियार के बल पर यात्रियों से करीब 45 मिनट तक लूटपाट की। अपराधियों ने महिला यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार भी किया और बच्चों के साथ मारपीट की। लूटपाट के दौरान यात्रियों के साथ गाली-गलौज भी कर रहे थे। लूटपाट के दौरान उन्होंने कई यात्रियों को हथियार के बट से सिर पर मारकर घायल कर दिया।
लूटपाट की घटना को लातेहार व बरवाडीह के बीच अंजाम दिया गया। एस-9 बोगी में यात्रा कर रहे सभी यात्रियों के मोबाइल अपराधियों ने लूट लिये। लूटपाट के शिकार यात्रियों ने बताया कि अपराधियों ने डेढ़ लाख रुपया नगदी करीब चार लाख रुपए के गहने और करीब 40 से ऊपर मोबाइल लूट लिये।
बोगी में डकैती करने के बाद बेंदी व कुमुंडी स्टेशन के बीच ट्रेन के धीरे होने पर सभी अपराधी उतरकर भाग गये। सभी अपराधियों का चेहरा ढका हुआ था। लूटपाट के बाद उन्होंने ट्रेन रुकवाने के लिए यात्रियों से चेन पुलिंग कराया लेकिन ट्रेन नहीं रूक रही थी। छिपादोहर के पास नदी पार करने के दौरान ट्रेन धीमी गति से चल रही थी, इसी दौरान सभी अपराधी ट्रेन से उतरकर भाग गये।