L19/DESK : धनबाद जिले के केंदुआ गोनूडीह में हुए भू-धंसान के बाद तीन महिलाओं का शव गोफ से निकाल लिया गया है। केंदुआ गोनूडीह ओपी क्षेत्र के धोबी कुली बस्ती में बने गोफ में महिलाएं जमींदोज हो गयी थीं। रविवार को शाम में महिलाओं के शव को बरामद कर लिया गया था। बाद में गोफ से रेस्क्यू ऑपरेशन की टीम ने तीनों महिलाओं का शव बाहर निकाला। क्षत-विक्षत अवस्था में मिले शव की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। शव की हालत देखकर ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए शव निकाले का काम कर रहे पोकलेन मशीन के चालक पर पत्थर फेंके थे। रात के करीब 10 बजे तक रेस्क्यू चलाया गया लेकिन बाद में ग्रामीणों ने टीम को रेस्क्यू करने से रोक दिया था।
रविवार के दिन दोपहर तीन बजे के आसपास धनबाद जिले के बाघमारा अंचल में भू-धंसान हुआ था। जिसमें तीन महिलाएं जमीन के अंदर समा गई थीं। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मची थी। बताया जा रहा है कि महिलाएं शौच के लिए गई हुई थी। इसी बीच अचानक भू-धंसान हुआ. जिसमें एक महिला समा गई। इस बीच वह महिला चिल्लाने लगी जिसकी आवाज सुनकर दो अन्य महिलाएं उसे बचाने के लिए आगे बढ़ी लेकिन वो दोनों भी गोफ में समा गई। हादसा के बाद इसकी जानकारी आसपास के लोगों ने स्थानीय पुलिस को दी जिसके बाद मौके पर बीसीसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन की टीम के साथ रेस्क्यू टीम पहुंची।