L19 DESK : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक बोर्ड) ने नौवीं, मैट्रिक,11वीं और इंटर की बोर्ड परीक्षा में त्रुटि रहित पंजीयन को लेकर निर्देश जारी किया है। जैक द्वारा इस संबंध में बुधवार को सभी डीइओ को पत्र भेजा गया। सभी जिलों को भेजे गये पत्र बताया गया है कि स्कूल और कॉलेजों में पंजीयन फॉर्म हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में भरा जायेगा। विद्यार्थियों के पंजीयन को लेकर जैक द्वारा पहले ऑनलाइन एक फॉर्मेट जारी किया जायेगा।
इसमें स्कूल स्तर से पहले विद्यार्थियों की नामांकन पंजी के आधार पर सभी जानकारी भरी जायेगी। इसके लिए 10 दिनों का समय दिया जायेगा। इसे विद्यालय के प्रधानाध्यापक, वर्ग शिक्षक और लिपिक सत्यापित करेंगे। इसके बाद पंजीयन को लेकर जैक द्वारा स्टूडेंट इंफॉर्मेशन शीट जारी की जायेगी। स्कूल, कॉलेज इसे डाउनलोड कर विद्यार्थी को उपलब्ध करायेंगे। पूर्व में दी जानकारी से विद्यार्थी से संबंधित डाटा का मिलान किया जायेगा। स्कूल द्वारा पूर्व में दी गयी जानकारी से विद्यार्थी नाम, विषय और अन्य जानकारी में भिन्नता होने पर शीट में सुधार कर इसे जमा किया जायेगा।
इसके लिए 15 दिनों का समय दिया जायेगा। इसके लिए सभी स्कूल, कॉलेज में नोडल पदाधिकारी बनाया जायेगा। इसके बाद पंजीयन के लिए जारी चेक लिस्ट डाउनलोड होगा। इस पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक, नोडल पदाधिकारी के साथ-साथ बच्चे के अभिभावक का भी हस्ताक्षर होगा। इसकी पूरी प्रक्रिया के बाद परीक्षा के 15 दिन पूर्व फिर से संशोधन का अवसर दिया जायेगा।