L19/Ranchi : इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की रांची शाखा में 74 लाख की अनियमितता के मामले में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के निर्देश पर लालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। लालपुर थाने में वर्तमान चेयरमैन, चार डॉक्टरों सहित आधा दर्जन पदाधिकारियों के विरुद्ध धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की गई है। रेड क्रॉस सोसाइटी रांची की ओर से कार्यपालक दंडाधिकारी ब्रज लता ने चेयरमैन डॉ. शंभू प्रसाद सिंह, सोसाइटी के तत्कालीन सेक्रेटरी डॉ. सुशील कुमार, तत्कालीन सेक्रेटरी उषा नामसरिया, तत्कालीन एग्जीक्यूटिव कमेटी मेंबर डॉ. अशोक कुमार प्रसाद, एग्जीक्यूटिव मेंबर डॉ. जय प्रकाश गुप्ता और कोषाध्यक्ष मलकीत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
इसमें बताया गया है कि पूर्व में दोषी व्यक्तियों पर एफआईआर दर्ज करने के लिए वर्तमान चेयरमैन डॉ. शंभू प्रसाद सिंह को आदेश दिया गया था। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इससे स्पष्ट होता है कि वर्तमान चेयरमैन ने दोषी व्यक्तियों को बचाने का प्रयास किया। इस घोटाले में उनकी भी संलिप्तता प्रतीत होती है। राज्यपाल की जांच में 74 लाख रु. की अनियमितता मिली वर्ष 2022 में राज्यपाल ने मामले की जांच कराई, तो पता चला कि सोसाइटी के पूर्व सदस्यों ने 74 लाख रुपए से अधिक की वित्तीय अनियमितता की।
साथ ही सरकारी राशि से लगभग 7 लाख रु. निजी कार्य में खर्च किए। साथ ही गलत ढंग से ब्लड बैंक संचालन कर जरूरतमंद को ब्लड के एवज में अधिक राशि ली। यह बात भी सामने आई कि वर्ष 2017 से पहले की कमेटी और वर्ष 2018-2019 में बनी कमेटी के कई सदस्यों ने राज्य सरकार द्वारा दी गई राशि सहित गलत वॉउचर, एडवांस, कार्यालय में प्राप्त 1.17 लाख से अधिक रुपए नकद खर्च कर दिए।