
L19 DESK : अगर आपने अपना आधार कार्ड अपडेट नहीं कराया है, तो आने वाले दिनों में आपको भारी नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। झारखंड में इस वक्त आधार की कुल संख्या 3.58 करोड़ है। इसमें से 95 लाख लोगों का आधार कार्ड अपडेटेड नहीं है। ऐसे में सरकारी योजनाओं सहित अन्य सुविधाओं से लोग वंचित हो सकते हैं। अपडेट को लेकर सरकार द्वारा मैसेज के माध्यम से सूचनाएं भी दी जा रही हैं, बावजूद इसके अपडेटेड आधार की संख्या में खास वृद्धि नहीं दिखाई दे रही है।
कैसे करायें अपना आधार कार्ड अपडेट?
अगर आपने अपने आधार कार्ड को 10 साल ज्यादा समय से अपडेट नहीं कराया है, तो आपको जल्द से जल्द अपडेट करा लेना चाहिये। वहीं, बच्चों के 5 साल और 15 साल की उम्र पूरा होने पर बायोमेट्रीक अपडेट कराना अनिवार्य है। ऐसा नहीं करने पर बच्चों का आधार सस्पेंड हो सकता है।
इसके लिये आप अपने नजदीकी प्रज्ञा केंद्र या फिर ऑनलाइन माध्यम से भी आसानी से दस्तावेजों को अपडेट करा सकते हैं। इसके लिये आपको वोटर आईडी, पासपोर्ट, बैंक पासबुक, पैन कार्ड के तहत वेरिफिकेशन की आवश्यकता होगी। इसमें पहचान और पते का प्रमाण देना अनिवार्य होगा।
आधार अपडेट कराना क्यों जरूरी?
आधार अपडेट को लेकर यूआइडीएआइ का कहना है कि इससे फर्जी आधार पर लगाम लगेगी और लोगों का डेटा भी पूरी तरह से सुरक्षित रहेगा। आधार अपडेटेड रहने से वेरिफिकेशन में परेशानी नहीं आयेगी। दस्तावेजों के अपडेट में पहचान और पते के प्रमाण, और बायोमीट्रिक अपडेट में फिंगर, आइरिस और फोटो अपडेट कराना होगा। ऐसा करने से आधार से बैंकों में खाता खुलवाना आसान होगा। आधार के माध्यम से तुरंत पैन बन सकेगा। आइटी रिटर्न में इ-वेरिफिकेशन हो सकेगा। मोबाइल सिम तुरंत मिलेगा। आधार सत्यापन में परेशानी नहीं होगी। इसके साथ ही कई सरकारी योजनाओं का भी लाभ मिल सकेगा।
