शाम सात बजे खाना ले जा रहे पुलिस कर्मियों पर घात लगा कर बैठे नक्सलियों ने किया हमला
L19/West Singhbhum : चाईबासा जिले में भाकपा माओवादियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के एक दिन पहले बड़ी घटना को अंजाम दिया है, जिसमें दो जवानों शहीद हो गये। घटना जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के अति नक्सल प्रभावित कोल्हान रिजर्व वन क्षेत्र में हुई, जहां माओवादियों ने झारखंड जगुआर फोर्स के जवानों पर अचानक हमला कर दिया। माओवादियों के इस हमले में अमित तिवारी और गौतम कुमार शहीद हो गए। पुलिस उप महानिरीक्षक डीआईजी अजय लिंडा और एसपी आशुतोष शेखर ने घटना की पुष्टि की है।
भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा के दस्ते ने घटना को अंजाम दिया है। दो दिन पहले सुरक्षाबलों की नक्सलियों से मुठभेड़ हुई थी, जिसमें मिसिर बेसरा के बंकर का पुलिस ने उदभेदन किया था। जवानों ने विस्फोटक सहित भारी मात्रा में नक्सल सामान बरामद किए गए थे। इसके बाद नक्सलियों ने पुलिस और सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई थी। नक्सलियों ने जवानों पर उस समय अचानक हमला कर दिया था, जब वे लोग भोजन की तैयारी कर रहे थे। घात लगाए नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें दो जवान शहीद हो गए।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि नक्सल प्रभावित तुम्बाहाका में सीआरपीएफ का नया कैंप स्थापित हुआ है। इस कैंप से कुछ दूरी पर झारखंड जगुआर का भी कैंप है। घटना के वक्त सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर के जवान एक कैंप से दूसरे कैंप में खाना भेज रहे थे। जंगल के रास्ते में माओवादी घात लगाए बैठे हुए थे, जैसे ही झारखंड जगुआर के जवान वहां से गुजरे माओवादियों ने फायरिंग कर दी। चाइबासा एसपी ने बताया कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन माकपा माओवादी के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, रमेश उर्फ अनल, अजय महतो, अनमोल, मोछु, चमन, कांडे, सागेन अंगरिया और अश्विन अपने दस्ता सदस्यों के साथ कोल्हान क्षेत्र में भ्रमणशील हैं।
जिला पुलिस, कोबरा 209, 203, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ 80, 197, 157, 174 , 134, 193, 07, 26 बटालियन की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान ही सोमवार, 14 अगस्त को देर शाम सात बजे तुम्बाहाका और सरजोमबुरू के बीच में पहाड़ी व जंगली क्षेत्र में माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें झारखंड जगुआर के पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार तिवारी और आरक्षी गौतम कुमार शहीद हो गये। एसपी समेत झारखंड पुलिस एवं अभियान में शामिल सभी जवानों ने अमित कुमार तिवारी और गौतम कुमार को उनकी शहादत के लिए अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित की है।