L19/Ranchi : रांची के जमीन घोटाला के मामले में ईडी की ओर से एक नया केस दर्ज किया गया है। यह केस रांची सदर थाना में एक जून को दर्ज कांड संख्या 272/2023 के आधार पर दर्ज किया गया है। इसमें बड़गाई अंचल के तत्कालीन राजस्व निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद आरोपी पाये गये हैं। गौरतलब है, वह इस वक्त जेल में हैं।
ईडी की ओर से भानु प्रताप प्रसाद के यहां पर 13 और 26 अप्रैल को छापा मारा गया था। इसमें बड़गाई अंचल से जुड़े 17 सरकारी कागजात बरामद किये गये। इन कागजातों में फेरबदल की पुष्टि हुई थी। भानु प्रताप के यहां 11 ट्रकों में सरकारी दस्तावेज मिले थे। नया केस दर्ज होने के बाद अब पूरा बड़गाई अंचल कार्यालय जांच के दायरे में आ गया है।
इस मामले को लेकर ईडी ने शनिवार को होटवार जेल में ही भानु प्रताप से दिनभर पूछताछ की। भानु प्रताप से फर्जीवाड़े में किस किस जमीन दलालों की सहायता करने को लेकर पूछताछ की गयी। ईडी ने पूछा कि सरकारी कागजात किसकी अनुमति से घर पर रखा था। हेराफेरी के लिये कौन निर्देश देता था। हेराफेरी कर उसने कितनी संपत्ति अर्जित की। अवैध कमाई का हिस्सा कहां कहां बंटा हैं।
इस पर भानु प्रताप ने रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन पर इल्जाम लगाते हुए कहा कि उसने छवि रंजन के कहने पर ही जमीने के कागजातों में गड़बड़ी की थी। हर महीने वह छवि रंजन को 2.5 लाख रुपये पहुंचाता था। छवि रंजन के निर्देश पर ही कई जमीनों के दाखिल खारिज में गड़बड़ी की।