L19/Ranchi : राजधानी रांची में लगातार 2 दिनों से बारिश हो रही है। इससे किसानों में खुशी की लहर उत्पन्न हुई है। मॉनसून के देरी होने और औसत से कम बारिश होने के कारण रोपनी शुरु नहीं हो पायी थी। मगर अब रोपनी शुरु हो चुकी है। सोनाहातू और अनगड़ा के किसानों के अनुसार, दो दिनों की बारिश मे 20-25% रोपनी हो सकती है। अगर दो से तीन दिन इसी तरह बारिश होती रही, तो 70% धान की रोपाई संभव है। खेतों की जुताई और कोड़ाई कर रोपनी की तैयारी में जुटे हैं। खेतों में पानी होने से रोपनी का कार्य बढ़ गया है। किसानों का मानना है कि मौसम इसी प्रकार साथ दिया तो 10 से 15 दिनों के अंदर धान की रोपनी का कार्य पूरा कर लेंगे।
वहीं, इटकी के खेतों में धान का बिचड़ा बढ़ चुका था, लेकिन पानी की कमी के कारण रोपनी का काम ठप पड़ा था। इससे केवल किसानों को ही नहीं, बल्कि मजदूरों को भी नुकसान का सामना करना पड़ रहा था। किसान के साथ मजदूर भी काम नहीं मिलने से हाथ पर हाथ देकर बैठ गये थे। क्षेत्र में कम बारिश के कारण अब तक मात्र 15% ही पटवन कर रोपनी का काम हो पाया था। किसानों का अनुमान है कि मौसम अगर इसी तरह साथ देता रहा, तो 10 से 15 दिनों में रोपनी हो जाएगी।
अनगड़ा के किसानों की मानें तो पानी के अभाव के कारण अभी तक कई ऊपरी खेत की जुताई नहीं हो सकी है। बारिश होते रहने से इसी दौरान खेत की जुताई कर धान की रोपनी हो सकती है। अभी और 2-3 दिन ऐसी ही बारिश की आवश्यकता है। बड़कीगोडांग के किसान जगदीश भोगता ने बताया कि पानी जब जमीन में रिसकर अंदर जाकर जमा होगा, तब इसका फायदा रोपाई के लिये हो पायेगा। मगर इसके लिए और अधिक पानी की जरूरत है। सोनाहातू के प्रखंड कृषि पदाधिकारी बिष्णु खंडित ने कहा कि इस बारिश से प्रखंड में 70% धानों को रोपा जा सकेगा। हालांकि, सरकार की ओर से किसानों के लिए अभी कोई सहायता मुहैया नहीं करायी गयी है।